हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित एचटेट परीक्षा का परिणाम बुधवार 20 मार्च को होली के दिन घोषित किया जाएगा। करीब तीन लाख 35 हजार 375 परीक्षाओं के भविष्य का फैसला होगा। परिणाम पिछले महीने ही घोषित किया जाना था मगर कोर्ट के आदेशों पर चल रही बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के कारण परिणाम में देरी हुई। करीब 4800 अभ्यर्थियों की वेरिफिकेशन लंबित थी।
पांच और छह फरवरी को हुई हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम 20 मार्च को सुबह 11 बजे घोषित किया जाएगा। तीन लेवल की परीक्षा में प्रदेश के 464 परीक्षा केंद्रों पर करीब 335375 परीक्षार्थियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। परीक्षा के संचालन में बोर्ड की शाख भी दांव पर थी। बोर्ड अधिकारियों ने कड़ी निगरानी रखते हुए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और वीडियोग्राफी कराते हुए परीक्षा करवाई।
परीक्षा के बाद बोर्ड प्रबंधन दो माह के अंदर परिणाम घोषणा का दावा किया था। इसी दौरान उच्च न्यायालय द्वारा निर्देश जारी किए गए कि जिन अभ्यर्थियों के अंगूठों की हाजिरी का मिलान नहीं हुआ है, उनका मिलान करने के उपरांत ही परिणाम जारी किया जाए। ऐसे में बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूर्ण न करवाने वाले परीक्षार्थियों को 17 व 18 मार्च को मौका दिया गया। रोहतक, फतेहाबाद, अंबाला, फरीदाबाद व भिवानी में केंद्र स्थापित कर वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की गई है।
ये थे आवेदक
पीजीटी लेवल तीन 103445
पीजीटी लेवल 142605
जेबीटी (पीआरटी) 130285
नोट : ये आवेदक थे और करीब 40 हजार परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे थे।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ.जगबीर सिंह ने बताया कि परीक्षा परिणाम कल 20 मार्च को घोषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विगत साल के पीजीटी के परिणाम में इस बार बढ़ोतरी हुई है।
डॉ. जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड