23 मार्च को पूरा रहा था कार्यकाल, नए चेयरमैन और सदस्यों के लिए लॉबिंग तेज
चंडीगढ़। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल 23 मार्च को पूरा हो रहा था, लेकिन मनोहर लाल को अपना आदर्श बताते हुए उन्होंने समय से पहले ही त्यागपत्र दे दिया। शेष तीन सदस्यों का कार्यकाल 23 मार्च को पूरा हो जाएगा। बताया जा रहा है कि खदरी पहले की तरह भाजपा में संगठन का काम देखेंगे। प्राथमिक तौर पर उन्हें अंबाला से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। खदरी पहले भी कटारिया परिवार के नजदीक रहे हैं। आयोग में चेयरमैन समेत छह सदस्य होते हैं। नए चेयरमैन और सदस्य बनने के लिए भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग सक्रिय हो गए हैं।टीजीटी भर्ती और ग्रुप सी की 56 व 57 श्रेणी की लंबित भर्ती को खदरी ने माना कि शायद आयोग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट को अपना पक्ष समझाने में कामयाब नहीं हुआ। ये दोनों भर्तियां अभी अटकी हैं, क्योंकि इनमें आर्थिक सामाजिक अंक और प्रश्न दोहराए जाने को लेकर विवाद है। खदरी ने अपना एक माह का वेतन आयोग कार्यालय के चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों और गोपनीय शाखा के कर्मचारियों को दान करने की घोषणा की। खदरी ने कहा कि तीन साल के कार्यकाल में आयोग ने 45000 पदों पर भर्ती की है। पिछले एक माह में आयोग ने 22 हजार पदों पर भर्ती की है।