हरियाणा अक्ष्य ऊर्जा विकास अभिकरण (हरेडा) की ओर से आईएसपीईआर कांप्लेक्स, अमरावती एनक्लेव में डिमांड साइड मैनेजमेंट ऑप्शंस फॉर म्यूनीसिपल सेक्टर विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अक्षय ऊर्जा के प्रधान सचिव एवं हरेडा के चेयरमैन एसएन राय ने की।
उन्होंने कार्यकारी अधिकारियों एवं इंजीनियरों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्र में ऊर्जा बचत की ओर विशेष ध्यान दें। बजट का अधिकतर हिस्सा नगर निगम की ओर से बिजली व्यवस्था पर ही खर्च हो जाता है।
भविष्य में ऐसे प्रोजेक्ट लाएं, जिससे कम से कम बिजली का उपयोग हो। अक्सर देखने में आया है कि स्ट्रीट लाइटें सुबह 10 बजे तक जलती रहती हैं।
इसके लिए समय निर्धारित करें कि कब तक लाइटें जलानी है और कब बंद करनी है। इससे बिजली की बचत के साथ-साथ उपभोक्ताओं को भी सुविधा मिलेगी।
वर्कशॉप में हरेडा की निदेशिका अमनीत पी. कुमार ने कहा कि इस कार्यशाला को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा का अधिक से अधिक संरक्षण करना है।
उन्होंने हरियाणा नगर निगम के कार्यकारी अधिकारियों को कहा कि वे ऊर्जा संरक्षण की दिशा में भविष्य में अच्छे प्रोजेक्ट लेकर आएं, ताकि कम से कम बिजली खर्च हो।
इस मौके पर उपायुक्त डा. एसएस फुलिया, अतिरिक्त उपायुक्त एसपी अरोड़ा व डिप्टी मेयर सुनील तलवार भी मौजूद रहे।