हरियाणा पुलिस भर्ती बोर्ड ने गठन के बाद भर्ती का पहला विज्ञापन जारी कर दिया है। बोर्ड के चेयरमैन ब्रिगेडियर जेएम मान ने बताया कि सिपाही के 1347 पदों (पुरुष) के लिए पूर्व फौजी और उनके आश्रित आवेदन कर सकते हैं।
ये आवेदन 2 दिसंबर तक पुलिस भर्ती बोर्ड के पंचकूला सेक्टर-4 स्थित बेज नंबर 31-12 में जमा कराए जा सकेंगे। इन 1347 पदों में से 674 पद सामान्य श्रेणी, 192 पद अनुसूचित जाति, 192 पद पिछडा वर्ग-ए और 289 पद पिछडा वर्ग- बी श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित किए गए है।
गौरतलब है कि जाटों समेत उन अन्य जातियों को आरक्षण नहीं दिया गया है जिन्हें इस साल सरकार ने 10-10 फीसदी आरक्षण देने की अधिसूचना जारी की थी।
चेयरमैन ने बताया कि पूर्व सैनिकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष (सामान्य स्थिति में) और उनके आश्रितों के लिए 25 वर्ष निर्धारित की गई है।
शारीरिक माप की शर्तो के अनुसार उम्मीदवारों का कद 5 फीट 7 इंच, छाती की चौड़ाई 33 सेंटीमीटर (बिना फुलाए), साढे़ 34 इंच (फुलाकर) होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के लिए एक-एक इंच की छूट है।
पूर्व सैनिकों को आवेदन फीस से छूट दी गई है मगर उनके आश्रितों को फीस भरनी होगी। योग्य पाए जाने वाले उम्मीदवारों को पत्र के जरिए शारीरिक दक्षता और मापदंड जांच कराने की सूचना दी जाएगी।