चंडीगढ़। सीएचबी पिछले 18 साल से आईटी पार्क में अपनी 123 एकड़ जमीन पर कोई नया हाउसिंग प्रोजेक्ट शुरू नहीं कर पाया है। 2007 में आरंभ किया गया पार्श्वनाथ प्रोजेक्ट 2015 में वापस लेना पड़ा। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए शुरुआती ढांचे को भी गिरा दिया गया।
सीएचबी ने हाल के वर्षों में इसी जमीन पर हाईराइज बिल्डिंग सोसाइटी बनाने का विचार भी रखा था लेकिन सुखना कैचमेंट, वाइल्डलाइफ और पर्यावरण से जुड़ी मंजूरियों की अड़चनों के चलते यह योजना भी ठप पड़ गई। अब प्रशासन ने यहां प्लॉट तैयार कर जमीन बेचने का फैसला किया है।
आईटी पार्क से सटे हरियाणा के सकेतड़ी क्षेत्र में भी कई जमीनों को लेकर विवाद चल रहे हैं। यहां नामी बिल्डिंग कंपनियों की जमीनें होने के बावजूद प्रोजेक्ट रुके हुए हैं। यदि प्रशासन आईटी पार्क में प्लॉट के जरिए हाउसिंग स्कीम लॉन्च करने में सफल रहा, तो आने वाले समय में चंडीगढ़ और हरियाणा की हजारों एकड़ जमीन पर नए प्रोजेक्ट शुरू होने की उम्मीद है। सुखना वाइल्डलाइफ कैचमेंट एरिया में आने के कारण पंजाब का टाटा कैमलॉट हाउसिंग प्रोजेक्ट भी रद्द हो गया था। मोहाली के कांसल में 52 एकड़ में बनने वाले इस प्रोजेक्ट पर सुप्रीम कोर्ट ने 5 नवंबर 2019 को पर्यावरण कारणों से रोक लगा दी थी।