शहर में गैर कानूनी तरीके से पीजी का कारोबार चलाने वाले लोगों पर जल्दी ही गाज गिरने वाली है। ऐसे लोगों के खिलाफ जहां अब पुलिस केस दर्ज करेगी। वहीं, उनके घरों को भी सील कर दिया जाएगा।
इसी मामले को लेकर डीसी व एसएसपी में एक मीटिंग भी हो चुकी है। जल्दी ही प्रशासन गमाडा अधिकारियों से मिलकर मुहिम चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए पूरा प्लान तैयार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक जिले में कई नामी कंपनियां चल रही हैं। वहीं, कई राष्ट्रीय स्तर के शिक्षण संस्थान हैं, लेकिन अभी तक भी इलाके में कोई सरकारी हॉस्टल या अन्य सुविधा नहीं है।
ऐसे में बाहर से आने वाले लोगों को मजबूरी में पीजी में रहना पड़ता है। इलाके में कई लोग ऐसे हैं जो पीजी के लिए गमाडा द्वारा निर्धारित नियमों को पूरा नहीं करते हैं। न ही ऐसे लोगों द्वारा गमाडा से अनुमति ली गई है।
साथ ही गैर कानूनी तरीके से पीजी खोले गए हैं। वहीं, पीजी के चक्कर में रोजाना लोगों को परेशान होना पड़ता है। आए दिन लोगों की शिकायतों के बाद प्रशासन इस दिशा में तैयारी कर रहा है। इसकी पुष्टि खुद एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने की। उन्होंने बताया कि उनकी डीसी से इस मामले में मीटिंग भी हो चुकी है।
अब तक 28 लोगों पर होगा चुके हैं पर्चे दर्ज
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने दिसंबर के अंत से अवैध पीजी का कारोबार करने वाले लोगों पर शिकंजा कसा हुआ है। अब तक 28 लोगों के पर्चे कट चुके हैं। इसके अलावा पुलिस द्वारा जहां से शिकायत मिल रही हैं, वहां पर पुलिस की टीमों द्वारा छापामारी की जाती है।
पीजी ने ली थी वकील की जान
दो साल पहले फेज-3ए में पीजी में रहने वाले युवकों ने हाईकोर्ट के वकील की जान ले ली थी। इस दौरान पार्किंग को लेकर वकील और पीजी में रहने वाले युवकों में झगड़ा हुआ था। इस दौरान गुस्साए युवकों ने वकील पर गोली चला दी थी।