होटल पार्क प्लाजा के मालिक और एनआरआई एचएस अरोड़ा का कहना है कि अब उनका चंडीगढ़ में होटल चलाने का कोई मन नहीं है। वह वापस यूके लौटना चाहते हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपील की कि उनके साथ बैठकर इस प्रॉपर्टी को बेचने में मदद करें। जैसे ही ये बिक जाएगी वह बैंकों का सारा पैसा लौटा देंगे।
शनिवार को होटल के मालिक एचएच अरोड़ा ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि शुक्रवार को हुई कार्रवाई के दौरान होटल में की गई तोड़फोड़ की शिकायत वह पुलिस से करेंगे। अभी होटल में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है कि कितना नुकसान हुआ है। वह होटल को बेचकर बैंकों का पैसा वापस करने को तैयार हैं।
शुक्रवार को बैंक की सीलिंग प्रक्रिया के दौरान उनके होटल में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। जिसके खिलाफ वह सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराएंगे। अरोड़ा ने कहा कि कार्रवाई के नाम पर उनके होटल में रुके मेहमानों के साथ जानवरों जैसा सलूक किया गया। कमरों में घुसकर निकाला गया। उनके कंट्रोल रूम में घुसकर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ भी की। जिन लोगों ने ये सब किया है, उसकी सीसीटीवी फुटेज उनके पास है।