चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) में शुक्रवार रात बॉयज हॉस्टल-पांच में सुरक्षाकर्मी ने कुछ समय के लिए गेट पर ताला लगा दिया, जिसका विद्यार्थियों ने विरोध किया। पीयू में हॉस्टल-24 घंटे खुले रहते हैं। ऐसे में हॉस्टल गेट पर ताला लगने से विद्यार्थियों में रोष दिखा।
डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित ने स्पष्ट किया कि बॉयज हॉस्टल रिसेप्शन में केवल एक गार्ड तैनात है। वॉर्डन और गार्ड के हॉस्टलों में दौरे के समय कुछ समय के लिए गेट बंद किया गया था ताकि कोई बाहर का व्यक्ति अंदर न आ सके। डीएसडब्ल्यू की ओर से प्रबंधन से गार्ड समेत बॉयज हॉस्टलों में एक अटेंडेंट रखने की अपील की है, लेकिन प्रशासनिक कार्यों को पूरा होने में समय लगेगा। पीयू में लंबे समय से सुरक्षाकर्मियों की कमी चल रही है। बॉयज हॉस्टल में एक ही गार्ड के पास रिसेप्शन, कॉरिडोर, गेट और पूरे हॉस्टल का चार्ज है।
बॉयज हॉस्टल में सुरक्षा की व्यवस्था पर उठे सवाल को लेकर प्रबंधन अब सख्ती बरत रहा है। आने-जाने वालों से उनका नाम, कक्षा, कमरा या मिलने आने पर रजिस्टर पर एंट्री करवाई जा रही है। हॉस्टल विद्यार्थियों का कहना है कि चेकिंग के बावजूद अंदर नशे का पता करना मुश्किल है। एक हॉस्टल में 400 कमरों की चेकिंग और पूरा समय एक गार्ड के लिए सबके बैग चेक करना मुमकिन नहीं है। डीएसडब्ल्यू प्रो. अमित ने छात्रों से सहयोग की अपील की है, हॉस्टल में हो रही चेकिंग उन्हीं की सुरक्षा के लिए है।