चंडीगढ़। शहर में कॉमर्शियल गैस की किल्लत से जूझ रहे कारोबारियों को जल्द राहत मिल सकती है। चंडीगढ़ प्रशासन ने इस दिशा में कदम उठाते हुए गैस कंपनियों के माध्यम से स्थानीय गैस एजेंसियों से उनकी खपत के अनुसार सूची मांगी है, जिसके आधार पर कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
रेस्टोरेंट और होटल मालिकों के साथ हुई बैठक में प्रशासन के उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि मांग के अनुरूप व्यवस्था की जा रही है और खपत का करीब 20 फीसदी अतिरिक्त सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। शहर में करीब 26 गैस एजेंसियां हैं और रोजाना पांच हजार से अधिक कॉमर्शियल सिलिंडरों की खपत होती है। इसमें सबसे ज्यादा उपयोग होटल और रेस्टोरेंट चेन में होता है, जबकि छोटे वेंडर और दुकानदार भी इस पर निर्भर हैं। कई छोटी दुकानों में छोटे कॉमर्शियल सिलिंडरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन चंडीगढ़ के अध्यक्ष अरविंदर पाल सिंह ने बताया कि प्रशासन ने 20 फीसदी अतिरिक्त सप्लाई का भरोसा दिया है।
इधर, गैस की कमी के चलते शहर के सेक्टर-37, 22, 41 और 20 में कई खाने-पीने की दुकानें बंद हो चुकी हैं। कुछ ढाबों पर कोयले की भट्टी का सहारा लिया जा रहा है, जबकि कई दुकानदार घरों में खाना बनाकर बेचने को मजबूर हैं। वहीं, घरेलू गैस के लिए भी हालात सामान्य नहीं हैं। सिलिंडर बुकिंग में दिक्कतों के कारण लोगों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और कई परिवार स्टोव व चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं जिससे स्थानीय स्तर पर परेशानी बढ़ रही है।