प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में पहुंचने पर हैलीपैड व समारोह स्थल पर उनके स्वागत के लिए शामिल होने वाले लोगों की सूची पहले से ही तैयार होगी।
इस सूची से अलग किसी भी व्यक्ति को स्वागत कमेटी में शामिल नहीं किया जाएगा। हैलीपैड पर प्रधानमंत्री के आगमन पर हरियाणा के राज्यपाल, मुख्यमंत्री हुड्डा, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, जिला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ही उनका स्वागत करेंगे।
इसके अतिरिक्त यदि कोई अतिविशिष्ट व्यक्ति उनके स्वागत करने वाली कमेटी में शामिल होंगे तो उसकी अनुमति प्रधानमंत्री कार्यालय से लेनी होगी।
लेपटॉप और फूड पैकेट लाने पर पाबंदी
स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप के आईजी पीयूष पांडे ने शनिवार को पुलिस लाइन कांप्लेक्स में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि समारोह स्थल पर अलग-अलग सेक्टरों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध करने के साथ-साथ एसपीजी व पुलिस बल के जवान तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हैलीपैड पर विशेष एंबुलेंस व फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात रहेंगी। प्रधानमंत्री के लिए हैलीपैड लघु सचिवालय के अतिरिक्त ब्लाक मैदान में तैयार किया जा रहा है। समारोह में किसी भी व्यक्ति को लैपटॉप व फूड पैकेट ले जाने की पाबंदी होगी।