पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में बेकाबू अपराध के चलते आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। फायरिंग, फिरौती, लूट, डकैती, हत्या और रेप जैसी वारदात लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गई हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शहरवासियों से बार-बार हो रही एन्हांसमेंट वसूली पर कहा कि पहले से ही मंदी, महंगाई और बेरोजगारी का दंश झेल रही जनता पर पड़ रहे बोझ को लेकर सरकार को संज्ञान लेना चाहिए। भाजपा लगातार जनता के इस दर्द को अनदेखा कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर शहरवासियों की मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। शनिवार को बहादुरगढ़ सेक्टर 2, 9 और 9ए के निवासी हुड्डा को एक ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे। व्यापारियों से कानून व्यवस्था पर बातचीत में हुड्डा ने बढ़ते अपराध पर भी प्रतिक्रिया दी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेकाबू अपराध के चलते आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। फायरिंग, फिरौती, लूट, डकैती, हत्या और रेप जैसी वारदात लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन गई हैं। सिर्फ 4 दिन के भीतर अकेले हिसार में 3 व्यापारियों से 9 करोड़ की रंगदारी मांगने की वारदातें हो चुकी हैं। लेकिन अपनी जिम्मेदारी को निभाने में भाजपा पूरी तरह विफल साबित हुई है। जो सरकार नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर अपराध का सफाया करके हरियाणा को फिर से सुरक्षित राज्य बनाया जाएगा।
‘छात्र संसद के इंटरनेशनल लीडरशिप टूर-24’ के प्रतिनिधियों ने हुड्डा से की मुलाकात
छात्र संसद के प्रतिष्ठित ‘इंटरनेशनल लीडरशिप टूर-24’ के प्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से मुलाकात की। देश भर के प्रमुख संस्थानों जैसे आईआईटी, आईआईएम, एनएलयू और विभिन्न निजी विश्वविद्यालयों से चुने गए प्रतिनिधियों ने भारतीय लोकतंत्र के भविष्य को लेकर हुड्डा के साथ चर्चा की। बातचीत के दौरान हुड्डा ने विपक्ष की मजबूती, विपक्ष के तौर पर इंडिया गठबंधन की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि एक मजबूत विपक्ष स्वस्थ लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण होता है और लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है।