फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा ने बेरोजगारी में बनाया हरियाणा को नंबर वन : हुड्डा

विज्ञापन
विज्ञापन
कहा-एचकेआरएन कर्मचारियों के वेतन में की मामूली बढ़ोतरी, पक्की भर्ती क्यों नहीं कर रही सरकार
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा को बेरोजगारी में नंबर बना दिया है। पक्की भर्ती के 2 लाख पद खाली हैं, उनको भरा नहीं जा रहा है, बल्कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत कच्ची नौकरी दी जा रही है। हुड्डा ने कहा कि एचकेआरएन कर्मियों के मेहनताना में हुई मामूली बढ़ोतरी कर सरकार वाहवाही लूटने की कोशिश में हैं, जबकि कच्चे कर्मचारी पक्के होने की बाट जोह रहे हैं।
हुड्डा ने कहा कि कौशल निगम में कर्मियों को 15 से 20 हजार रुपये महीना मेहनताना मिलता है। कौशल कर्मी की आमदनी एक दिहाडी मजदूर से भी कम होती है। उसमें मामूली बढ़ोतरी करके सरकार कौशल कर्मियों के साथ भद्दा मजाक कर रही है। हुड्डा ने कहा कि पक्की भर्तियों को खत्म करके भाजपा ने ऐसी ठेका प्रथा में युवाओं को झोंक दिया है, जिसमें नौकरी का कोई भरोसा नहीं है। जब जिसे मर्जी सरकार काम से निकाल देती है और जिसे मर्जी भर्ती कर लिया जाता है। इसमें ना किसी तरह की मेरिट है, ना पारदर्शिता और ना ही आरक्षण। असल में तो एससी और ओबीसी का आरक्षण खत्म करने के लिए ही सरकार इस ठेके वाली प्रथा को लेकर आई है। क्योंकि अगर पक्की भर्तियां होंगी तो उसमें एससी और ओबीसी को आरक्षण के तहत नौकरियां देनी पड़ेंगी। लेकिन भाजपा वंचित वर्गों को पक्का रोजगार नहीं देना चाहती। वो पक्की नौकरियों, आरक्षण और मेरिट को पूरी तरह खत्म करना चाहती है।
विज्ञापन

सड़क बनाने में सरेआम किया जा रहा भ्रष्टाचार
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने करनाल के वायरल वीडियो पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मूसलाधार बारिश के बीच में सड़क पर तारकोल डालने के वीडियो से स्पष्ट है कि सड़क बनाने के नाम पर भ्रष्टाचार और जनता के पैसों का अपव्यय हो रहा है। आम जनता अपना पेट काटकर सरकार को लाखों-करोड़ों रुपये टैक्स देती है। लेकिन उन रुपयों पर इस तरह पानी फिरता देख हर हरियाणावासी के दिल पर ठेस पहुंची है। इन तस्वीरों ने भाजपा द्वारा किए जा रहे विकास के दावों और भ्रष्टाचार की पोल खोलकर रख दी है।
विज्ञापन


पानीपत इनेलो के जिला अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल
भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि भाजपा को हरियाणा में अपनी हार का एहसास हो गया है। इसीलिए वह जनता की नजरों में धूल झोंकने के लिए आनन-फानन में घोषणाएं कर रही है। लेकिन जनता अब उसके झांसे में आने वाली नहीं है। जनता चुनाव में भाजपा से 10 साल के अत्याचार का बदला लेगी और इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएगी। हुड्डा पानीपत से इनेलो के जिला अध्यक्ष डॉ. राजपाल रोड की कांग्रेस में ज्वॉइनिंग के बाद मीडिया से बात कर रहे थे। हुड्डा ने राजपाल रोड का पार्टी में स्वागत किया और उन्हें पूर्ण मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें