विधानसभा में बजट पेश करने जाते हुए कैप्टन अभिमन्यु
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश में हुए दंगों में सरकार ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस के नेताओं को पूरी तरह से घेर लिया है और अब पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की परेशानी बढ़ती दिख रही है। सरकार में वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने उन पर दंगों की साजिश रचने का सीधा आरोप लगाया है और सबूत मिलते ही कार्रवाई करने की बात कही है। इसके लिए अभी जांच कराई जा रही है और इसकी जांच कर रही एजेंसियां सबूत जुटाने में लगी है। वित्तमंत्री ने साफ कर दिया है कि दंगे की साजिश रचने वाला कोई नहीं बचेगा, चाहे वह किसी भी पार्टी से ताल्लुक रखता हो।
रोहतक में बुधवार को प्रदेश कार्यालय पहुंचे वित्तमंत्री ने कहा कि आरक्षण आंदोलन की आड़ में बड़ी राजनीतिक साजिश रची गई थी। क्योंकि आरक्षण को लेकर जाटों की सभी मांगों को सरकार ने मान लिया था और जाट नेताओं के साथ बैठक करके आरक्षण देने का आश्वासन भी दिया गया था। इसके बावजूद आंदोलन किया गया और हरियाणा को बंधक बना लिया गया।
इस दौरान कांग्रेसियों ने गैर कांग्रेसियों को चुन-चुनकर नुकसान पहुंचाया। वित्तमंत्री ने आरोप लगाया कि यह पूरी साजिश पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने रची थी और इसमें सबसे पहला मोहरा उनका राजनीतिक सलाहकार रहा प्रो. विरेंद्र सिंह पकड़ा जा चुका है। पूर्व सीएम का नाम खुलकर सामने आ गया है, लेकिन अभी सबूत तलाशे जा रहे है।