हॉलैंड के अंतल वन डेर ने डेविस कप खिलाड़ी विष्णु वर्धन को हराकर आईटीएफ मेंन फ्यूचर टेनिस टूर्नामेंट के सिंगल्स का खिताब जीता। टूर्नामेंट की इनामी राशि 10 हजार डालर थी।
शनिवार को सेक्टर-10 स्थित सीएलटीए में आईटीएफ मेंन फ्यूचर टेनिस टूर्नामेंट के सिंगल्स का खिताबी मुकाबला खेला गया। फाइनल के मद्देनजर दोनों खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मैच देखने को मिला।
पहले सेट की शुरूआत में हॉलैंड के पहली वरीयता प्रप्त अंतल वन डेर ने तेज तर्रार सर्विस के जरिए अंक बटोरने शुरू किए। इसके कुछ देर बाद ही विष्णु वर्धन ने अंतल वन डेर की सर्विस को तोड़ते हुए स्कोर बराबरी पर लाए।
एक समय दोनों खिलाड़ी बराबरी पर चल रहे थे, लेकिन अंतल ने पहला सेट 7-5 से जीत लिया। दूसरे सेट में विष्णु वर्धन ने दबाव बनना का प्रयास किया, लेकिन अंतल वन डेर ने आक्रामक रुख जारी रखा और दूसरा सेट 6-3 से जीतकर खिताब पर कब्जा जमाया।
अंतल वन डेर को 18 एटीपी अंक मिले, वहीं विष्णु वर्धन को उपविजेता बनने पर 10 एटीपी अंक से ही संतोष करना पड़ा। सीएलटीए के प्रेट्रन एन चीफ राजन कश्यप ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ी को ट्राफी और इनाम देकर सम्मानित किया।