चंडीगढ़। बुड़ैल जेल के बाहर मंगलवार को हुई मारपीट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों सेक्टर-49सी निवासी सूरज उर्फ भोलू, रामदरबार निवासी दिलीप कुमार उर्फ सुंडी और दीपक को गिरफ्तार किया है। जेल के अंदर हुई अनबन के बाद जेल से छूटते ही गेट पर कई युवक आपस में भिड़ गए थे। दोनों तरफ से हॉकी और पत्थर चले। एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों की पहचान सेक्टर-37 निवासी हरीश और सेक्टर-52 निवासी अनिल उर्फ बोरे के रूप में हुई। हरीश की आंख के ऊपर चार और अनिल के होंट पर चार टांके लगे हैं। सेक्टर-27 निवासी मुकेश ने बताया कि उनका भाई शिवचरण उर्फ सिब्बी और रामदरबार निवासी दिलीप उर्फ सुंडी हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद थे। दोनों के बीच जेल में कुछ अनबन हो गई। इससे विवाद शुरू हो गया।
मुकेश ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे सुंडी जेल से बाहर आया। कुछ समय के बाद सिब्बी को छोड़ा गया। सिब्बी के बाहर आने से पहले ही जेल के गेट पर उसे लेने के लिए पहुंचे कजहेड़ी निवासी प्रेम उर्फ मुन्ना, हरीश और अनिल पर दूसरे पक्ष ने हॉकी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। मुकेश ने बताया कि सुंडी को लेने के लिए रामदरबार निवासी दीपा उर्फ सूर, रामदरबार निवासी अक्षय, कजहेड़ी निवासी सूरज उर्फ भोलू और सेक्टर-32 निवासी काका आए थे। इस दौरान सुंडी ने दीपा को कहा कि मुन्ना और अन्य लोग सिब्बी को लेने आए हैं। यह इशारा पाते ही भोलू और दीपा ने मुन्ना, हरीश और अनिल पर हमला कर दिया। मुकेश ने बताया कि घटना के बाद कई बार पीसीआर को कॉल की गई लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद घायलों को खुद ही इलाज के लिए सेक्टर-16 के अस्पताल लेकर पहुंचे। तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद सेक्टर-49 थाना पुलिस मामले में आगे की जांच में जुटी है।