दिल्ली से चंडीगढ़ होकर शिमला जा रही हिमाचल रोडवेज की बस और टवेरा गाड़ी में सेक्टर 45/46 की विभाजित सड़क पर टक्कर हो गई।
टक्कर लगते ही रोडवेज की बस पलट गई। बस में बैठी 25 सवारियों को पुलिस ने बाहर निकाला।
टवेरा में सवार तीन युवती और चालक घायल हो गया। पुलिस ने सड़क हादसे में घायल 15 लोगों को जीएमसीएच में दाखिल करवाया।
शिमला के हंसराज, शिवानी, गोपाल और टैक्सी ड्राइवर राजवंत के सिर में गंभीर चोट लगी थी। उन्हें वीरवार शाम को उपचार के बाद छुट्टी दे दी। अन्य को मामूली चोटें आई थीं।
घटना वीरवार तड़के तीन बजे की है। हिमाचल रोडवेज की बस (एचपी-64-4966) बुधवार रात को दिल्ली से नौ बजे सवारियों को लेकर चंडीगढ़ होकर शिमला जाने के लिए निकली थी।
सेक्टर 43 बस स्टैड जाते हुए सेक्टर 45/46 की लाइट प्वाइंट पर मोहाली से चंडीगढ़ जा रही टवेरा गाड़ी (सीएच 02टी-1656) से टक्कर हो गई।
टक्कर से बस का संतुलन बिगड़ गया और पलट गई। बस पलटते ही सवारियां चिल्लाने लगीं। बस के परिचालक सुरेंद्र ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने बस में सवार 25 सवारियों और टवेरा में सवार तीन युवती और चालक राजवंत को बाहर निकाला। पुलिस ने हादसे में घायल 15 यात्रियों का अस्पताल में दाखिल करवाया।
हालांकि हादसे में फोर्ड कार भी चपेट में आई थी, लेकिन कार चालकों ने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी।
दोनों चालकों ने एक-दूसर पर लगाए आरोप
सोलन निवासी बस चालक धर्म सिंह ने पुलिस को बताया कि टवेरा ने बस के पिछले टायर के पास टक्कर मारी थी। टवेरा की टक्कर से बस पलटी है।
उधर, टैक्सी चालक राजवंत ने बताया कि वह तीनों युवतियों को छोड़ने चंडीगढ़ जा रहा था। बस काफी रफ्तार में थी। उसी कारण हादसा हुआ है।
जीएमसीएच में दाखिल शिवानी ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में काम करती है। शिमला जाने के लिए दिल्ली से बस में बैठी थी। जोरधार टक्कर के बाद बस पलट गई थी।
हसंराज ने बताया कि वह बस में सो रहा था। अचानक टक्कर के बाद आंख खुली तो बस पलटी हुई थी और सवारियां चिल्ला रही थी।
उधर, सेक्टर 34 थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पता लगा रही है कि सड़क हादसा किस की गलती से हुआ है। हादसे में यात्रियों को मामूली चोट लगी थी।