चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश ने महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी एलीट के पहले मुकाबले में चंडीगढ़ को 106 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला शनिवार को लखनऊ में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हिमाचल प्रदेश ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 291 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। अहाना शर्मा ने शानदार शतक लगाते हुए 120 रन बनाए। उन्हें कनु प्रिया (69) और कप्तान धन्या जे लक्ष्मी (44) का अच्छा साथ मिला। चंडीगढ़ की ओर से तैशा मनचंदा ने 34 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए चंडीगढ़ की टीम 50 ओवर में 185 रन पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज दीप्ति वालिया (35 रन) और जस्मीत बैदवान (46 रन) ने पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन इसके बाद टीम की पारी लड़खड़ा गई। गेंदबाजी में हिमाचल प्रदेश की ओर से पल्लवी ठाकुर और कुंजम गिरी ने तीन-तीन विकेट चटकाकर जीत सुनिश्चित की।