चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर बागी हुए कांग्रेस के छह विधायकों समेत तीन निर्दलीयों ने चंडीगढ़ में डेरा डाल दिया है। पंचकूला के रेस्ट हाउस में ठहरने के बाद बुधवार को सभी विधायकों को होटल ललित में शिफ्ट कर दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के छह विधायकों समेत होटल में कुल 14 लोग ठहरे हैं, जिनमें तीन निर्दलीय विधायक, दो भाजपा विधायक और हिमाचल प्रदेश भाजपा के तीन वरिष्ठ नेता हैं। सूत्रों के अनुसार नेताओं ने वीरवार को होटल में ही नाश्ता और दोपहर का भोजन किया। देर शाम तक सभी नेता होटल में ही ठहरे थे। होटल स्टाफ को खास तौर पर मीडिया से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। लिहाजा, इन नेताओं को किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। इनकी सुरक्षा में हरियाणा पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि चंडीगढ़ पुलिस भी कानून-व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
वीरवार को केंद्र से भाजपा के किसी वरिष्ठ नेता के पहुंचने के कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन देर शाम तक दिल्ली से कोई नेता नहीं पहुंचा। कांग्रेस के बागी विधायकों में पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा, राजेंद्र राणा, चैतन्य शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल और देवेंद्र भुट्टो के अलावा तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं। इन विधायकों के फोन नंबर दिन भर स्विच ऑफ रहे, जिसकी वजह से उनसे संपर्क नहीं हो सका। हरियाणा भाजपा के नेता भी कांग्रेस विधायकों से संपर्क करते रहे। यह भी माना जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की ओर से बागी विधायकों से बातचीत आगे बढ़ाने के लिए समन्वय समिति के गठन के बाद शुक्रवार को हिमाचल रवाना हो सकते हैं।