फेज-5 में बुधवार रात अचानक हाई वोल्टेज आने से कई घरों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। इससे लोगों का अच्छा खासा नुकसान होने का समाचार है।
इससे गुस्साए लोग एकत्र होकर वीरवार को बिजली विभाग के आफिस पहुंचे। यहां लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप था कि एक तो बिजली कटौती ने परेशान कर रखा है, उस पर हाई वोल्टेज से उनका काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से इस संबंध में कार्रवाई की मांग की है।
फेज-5 स्थित स्थित मकान नंबर 315 निवासी चरणजीत सिंह ने बताया कि बुधवार रात करीब पौने 10 बजे अचानक बिजली गुल हो गई। कुछ समय बाद अचानक बिजली आई तो हाई वोल्टेज होने से उनके फ्रिज में जोर से धमाका हुआ। साथ ही एलसीडी टीवी भी फुंक गया।
वहीं मकान नंबर 307 के एसडी रोहिला ने बताया कि हाई वोल्टेज से उनके घर का एलसीडी टीवी फुंक गया। जब लोग इसकी शिकायत करने बिजली दफ्तर पहुंचे तो बिजली कर्मियों ने बताया कि फाल्ट के कारण ऐसा हुआ है।
पूरी रात गुल रही बिजली
इलाके के लोगों ने बताया कि रात को बिजली कटौती ने परेशान किए रखा। फिर रात 12 बजे बिजली गुल हो गई, जो कि वीरवार दोपहर 12 बजे बहाल हो पाई। इस दौरान लोगों ने कई बार बिजली दफ्तर के अधिकारियों को सूचित किया, लेकिन वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।