जीरकपुर। वीआईपी रोड पर एक युवक व उसकी महिला मित्र ने दो घंटे हाई वोल्टेज ड्रामा किया। जब पुलिस ने उन्हें रोकना चाहता तो महिला सड़क पर लेट गई और राहगीरों को रोककर पुलिस पर इल्जाम लगाती नजर आई। जब महिला व उसका साथी युवक नशे की हालत में बेकाबू होते नजर आए तो पुलिस ने महिला कांस्टेबल बुलाकर दोनों का मेडिकल करवाया। कुछ समय बाद जब दोनों का नशा कम हुआ तो पुलिस से माफी मांगकर जान छुड़ाई। महिला व युवक दोनों लोहगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जांच अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात 112 नंबर पर एक महिला की काॅल आई कि उसके साथ स्नेचिंग हुई है। इसके बाद पीसीआर की टीम मौके पर पहुंची तो वीआईपी रोड पर स्थित ट्रिपल सी के सामने महिला खड़ी थी। मौके पर पहुंची पुलिस से शिकायतकर्ता महिला ने कहा कि कुछ युवक उसका मोबाइल व पर्स छीनकर ले गए हैं। पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई नहीं मिला। इतनी देर में शिकायतकर्ता महिला का दोस्त भी मौके पर पहुंच गया और पुलिस के खिलाफ ही उल्टा बोलने लगा। इस पर पुलिस ने उसे रोका तो महिला ने भी हंगामा करना शुरू कर दिया और उन्होंने पुलिस का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद महिला ने सड़क पर लेट गई और आते-जाते राहगीरों को रोककर पुलिस के खिलाफ भड़काने लगी। मामला बढ़ता देख पुलिस ने महिला कांस्टेबल को बुलाकर महिला व युवक का मेडिकल करवाकर डीडीआर दर्ज कर ली, लेकिन जब कुछ घंटे बाद जब दोनों का नशा कम हुआ तो वह माफी मांगने लगे और पुलिस ने उन्हें भेज दिया और झपटमारों की तलाश शुरू कर दी है।