मनीमाजरा। तेज रफ्तार कार चालक ने शनिवार सुबह शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट से कुछ ही दूरी पर रात को खड़ी घोड़ा गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर लगने के साथ एक घोड़े ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घोड़े की टांग टूट गई। पुलिस ने कार के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया, जिसे बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोपी की पहचान रेलवे कॉलोनी कालका के भावुक कुमार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार घोड़ा गाड़ी चालक सीता राम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शहर में घोड़ा गाड़ी पर फल बेचता है।
शुक्रवार रात को अपनी घोड़ा गाड़ी शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट पर खड़ी की थी। गाड़ी के साथ उसका घोड़ा बंधा हुआ था। शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे वह अपनी घोड़ा गाड़ी लेकर सब्जी मंडी की ओर जा रहा था। वह शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट पर पहुंचा तो पीछे से आ रही कार (एचआर-51-1691) ने उसकी घोड़ा गाड़ी को टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि कार और घोड़ा गाड़ी लाइट प्वाइंट के साथ वाले पार्क में जा घुसे। इस दौरान टक्कर लगने से घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे घोड़े की टांग टूट गई।