यूटी प्रशासन के रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) ने पुराने वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगवाने की छह महीने पहले प्रक्रिया शुरू की थी।
विज्ञापन
अभी तक पुरानी चार सीरीज के करीब बीस हजार वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लग पाई हैं। ऐसे में इन पुराने सीरीज के वाहन चालक अब बड़ी संख्या में आरएलए के सेक्टर-17 कार्यालय के साथ साथ सेक्टर-42 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंच रहे हैं।
इस वजह से रोज वाहन चालकों की भीड़ बढ़ रही है। आरएलए कार्यालय के साथ ही नगर निगम कार्यालय है और यहां लगा फाइबर शेड कई जगहों से टूट गया है। लोगों का कहना है कि शेड के टूटने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है
विज्ञापन
अब लोग यह मांग करने लगे हैं कि चंडीगढ़ पुलिस को दो माह तक बिना एचएसआरपी वाले वाहनों के चालान करना बंद कर देना चाहिए।
Trending Videos
जानिए, अब क्या और अब तक क्या?
एक फरवरी से आरएलए की ओर से एम सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। एआर, एक्यू, एपी और एन सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इन सभी सीरीज के वाहन चालकों को एचएसआरपी लगवाने के लिए एक एक माह दिया गया था। लेकिन, इन चार सीरीज के लगभग बीस हजार वाहन चालकों ने एचएसआरपी नहीं लगवाई। अब पुलिस ने जब से चालान काटने शुरू किए हैं इन चार सीरीज के वाहन चालक भी एम सीरीज के वाहन चालकों के साथ एचएसआरपी लगवाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।
आरएलए के अधिकारियों के अनुसार उनकी कोशिश है कि अगरे 50 दिनों में यह पेंडेंसी खत्म कर दी जाएगी और इसके बाद ही एल सीरीज पर एचएसआरपी लगाने का काम शुरू होगा।
तीन नहीं सात जगह पर लगेंगी एचएसआरपी
एचएसआरपी अभी सिर्फ तीन स्थानों पर ही लगती है और यहां जगह काफी कम है जिससे लोगों को दिक्कत आती है। लोगों की दिक्कतों को देखते हुए आरएलए ने शहर में ज्यादा स्थानों पर एचएसआरपी लगाने का निर्णय लिया है।
प्रशासन ने इन तीन कार्यालयों के अलावा सात और स्थानों का चयन भी कर लिया है जहां एचएसआरपी लगनी है। इसके लिए वेंडर से बात भी हो चुकी है। अब आरएलए को वेंडर से मंजूरी का इंतजार है। बुधवार को आरएलए अधिकारियों की एचएसआरपी वेंडर के साथ बैठक है।
ज्यादा स्थानों पर एचएसआरपी लगाने को लेकर बुधवार को फैसला ले लिया जाएगा। इसके बाद लोगों को एचएचआरपी लगवाने में दिक्कत नहीं आएगी। ऐसे में न सिर्फ एचएसआरपी लगाने का काम फटाफट होगा बल्कि एक साथ दो तीन सीरीज के नंबरों पर एचएसआरपी लग सकेगी।
सीएच-01 एएम सीरीज की लग रहीं प्लेंटें आरएलए की ओर से 1 फरवरी से सीएच-01-एएम सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। 1 मार्च से एल सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगनी शुरू होनी थी।
लेकिन, आरएलए ने तय किया है कि जब तक पिछली सीरीज के तहत आए आवेदनों का निपटारा नहीं हो जाता है और इन वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लग जाती है तब तक एल सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगने की प्रक्रिया शुरू नहीं होगी।
हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसएनपी) न लगाने पर चालान का मामला जिला अदालत में पहुंच गया है। चालान पर पाबंदी लगाने की मांग संबंधी याचिका अदालत ने सुनवाई के लिए मंजूर कर ली है।
जिला अदालत ने 13 फरवरी को सुनवाई की अगली तारीख तय की है। इस मामले में वकील अरविंद ठाकुर ने अर्जी दाखिल की है। बहस के दौरान उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से चालान पर जोर दिया जा रहा है। आरएलए कार्यालयों में पूरा दिन लग जाता है पांच-पांच बार चक्कर लगाने के बाद वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग रही है। ऐसे में चालान पर छह माह तक पाबंदी लगानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह से आधार कार्ड बनाने के लिए हर सेक्टर में कैंप लगते हैं उसी तरह से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए कैंप लगाने चाहिए। वकील अरविंद ठाकुर का कहना है कि लोग छुट्टी लेकर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के लिए आ रहे हैं। आरएलए कार्यालय का कहना है कि वाहन के मालिक का आना जरूरी है जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए।