सूबे में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के मद्देनजर भी डीजीपी दिनकर गुप्ता ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों को पत्र लिखकर 15 अगस्त तक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों, शैक्षणिक व सेहत संस्थान, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मल्टीप्लेक्स, सिनेमा घरों, बाजारों और धार्मिक स्थानों के आसपास चौकसी बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं।
आतंकियों के लिए सॉफ्ट टारगेट रहा है पठानकोट
दरअसल, आतंकी हमलों को लेकर पंजाब की चिंता इसलिए भी वाजिब है, क्योंकि जिला पठानकोट एक तरफ जम्मू-कश्मीर और दूसरी तरफ पाकिस्तान सीमा से सटा है और हाल के वर्षों में पाकिस्तान समर्थक आतंकियों द्वारा किए दो बड़े आतंकी हमले झेल चुका है। इस तरह पठानकोट पाकिस्तानी आतंकियों के लिए सॉफ्ट टारगेट बन चुका है।
जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों ने 2 जनवरी, 2016 को तड़के 3:30 बजे पठानकोट स्थित वायु सेना स्टेशन पर हमला किया था। इस साल फरवरी माह के दौरान पुलवामा में सीआरपीएफ के वाहन को विस्फोट से उड़ाने की वारदात को पूरा देश नहीं भूल सका है।
दूसरी ओर, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिलों की सीमा भी पाकिस्तान से लगती है। राज्य सरकार को ऐसे इनपुट मिले हैं कि पाकिस्तानी आतंकी इस बार जम्मू-कश्मीर की बजाए पंजाब को निशाना बनाने की कोशिश करेंगे।