कोरोना और एचआईवी के वायरस में समानता है। इसलिए पॉजिटिव मरीज को यह दवा दी जा सकती है। इसके लिए नाको से अनुमति मांगी जा रही है। हरियाणा में एनसीओवी के प्रमुख नोडल अधिकारी एवं एचओडी पीजीआईएमएस डॉ. ध्रुव चौधरी ने यह जानकारी दी।
इसके अलावा पीजीआईएमएस रोहतक में थ्री लेयर मास्क तीन लाख 60 हजार की डिमांड भेजी गई है। फिलहाल संस्थान में लगभग तीन हजार एन-95 मास्क और 400 पीपीई किट उपलब्ध हैं। मंगलवार को इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई।
इसमें चंडीगढ़ मुख्यालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सचेत किया गया। उपायुक्त आरएस वर्मा ने इसके बाद एडवाइजरी जारी कर दी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अलावा पीजीआईएमएस निदेशक डॉ. रोहतास कंवर यादव भी शामिल थे।
दरअसल, दिल्ली में नॉवेल कोरोना वायरस वुहान स्टेन (एनसीओवी) पॉजिटिव मिलने पर प्रदेश में हाई अलर्ट है। स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी फैलने की आशंका को भांपते हुए नाको (नेशनल एड्स कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन) को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है कि वह पॉजिटिव मरीजों को जरूरत पड़ने पर एचआईवी की दवा देगा।
इसके साथ ही दिल्ली में मरीज की पुष्टि होने के साथ ही प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को हर स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने को भी कहा है। कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद प्रदेश का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है।