चंडीगढ़ पीजीआई में हेपेटाइटिस सी को जड़ से खत्म करने व एक्सटेंशन फार कम्युनिटी हेल्थकेयर आउटकम्स (ईको) पर कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। कांफ्रेंस का उद्घाटन पंजाब-हरियाणा के गवर्नर व चंडीगढ़ के एडमिनिस्ट्रेटर कप्तान सिंह सोलंकी ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस सी को नियंत्रित करने के लिए इससे बेहतर कोई उपाय नहीं हो सकता। यह काफी इनोवेटिव आइडिया है। इससे जरूर लाभ मिलेगा।
पीजीआई के हीप्टोलॉजी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ईको प्रोजेक्ट से हरियाणा, हिमाचल और पंजाब के फिजीशियन को हेपेटाइटिस सी के इलाज की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए तीनों प्रदेशों में सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे उन्हें ट्रेनिंग दी जा सके।
छह महीने से लेकर एक साल तक ट्रेनिंग चलेगी उसके बाद वे हेपेटाइटिस सी के मरीजों का इलाज कर सकेंगे। वीरेंद्र सिंह ने बताया कि हैपेटाइटिस सी का सर्वे भी किया जाएगा। अब तक फिलहाल ऐसा कोई सर्वे नहीं किया गया है।
इस मौके पर पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से 300 से ज्यादा डेलीगेट ने हिस्सा लिया। इस मौके पर इको प्रोजेक्ट के फाउंडर डा. संदीप अरोड़ा ने इको के बारे में बताया। कांफ्रेंस में क्लिंटन फाउंडेशन के रिप्रजेंटेटिव भी मौजूद रहे। इस मौके पर मुख्य रूप से डायरेक्टर आफ इंस्टीट्यूट आफ बिलेरी साइंस दिल्ली के प्रोफेसर एसके सरीन, डा. तराना अग्रवाल, डा. स्वास्तिक अग्रवाल सहित कई लोग मौजूद रहे।