हेलीकॉप्टर की एमरजेंसी लैंडिंग
- फोटो : अमर उजाला
माहिलपुर (होशियारपुर)। गांव मैली में शुक्रवार को भारतीय सेना का हेलीकॉप्टर चीता दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इंजन फेल होने के कारण हुआ। इससे हेलीकॉप्टर में सवार सेना के चार अधिकारियों को मामूली चोट आई जिन्हें सिविल अस्पताल माहिलपुर से प्राथमिक उपचार दिया गया। हादसे की सूचना पाकर पहुंचे पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और चॉपर को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के मुताबिक भारतीय सेना का हेलीकॉप्टर चीता जेड-1883 जालंधर से सेना की 661 बटालियन के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल डीएस चौहान और मेजर गुरइकबाल सिंह को लेकर जालंधर कैंट से उड़ा था। हेलीकॉप्टर को पायलट आदित्य वर्मा और सह पायलट अजीत उड़ा रहे थे। हेलीकॉप्टर को होशियारपुर के खड़का कैंप से होकर वापस जालंधर कैंट पहुंचना था।
माहिलपुर के गांव मैली के ऊपर से गुजरने के दौरान हेलीकॉप्टर के इंजन में अचानक खराबी आ गई और हेलीकॉप्टर बडे़ धमाके के साथ बलराम सिंह के खेतों में आ गिरा। हादसे में फ्लाइंग अधिकारी आदित्य वर्मा, सहायक फ्लाइंग अधिकारी अजीत, लेफ्टिनेंट कर्नल डीएस चौहान और मेजर गुरइकबाल सिंह को मामूली चोट आईं। सभी को सिविल अस्पताल माहिलपुर लाया गया। मेजर गुरइकबाल सिंह को नाक और आंख के बीच में चोट आई है।
हादसे की सूचना पाकर एसपी डी कुलवंत सिंह, डीएसपी चब्बेवाल हरदीप कुमार, डीएसपी (डी) सुखअमृत पाल सिंह, डीएसपी गढ़शंकर मनजीत सिंह, एसएचओ चब्बेवाल शीतल सिंह, एसएचओ माहिलपुर दिलबाग सिंह और एसएचओ गढ़शंकर राज कपूर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की तरफ से एसडीएम गढ़शंकर अमरजीत सिंह, नायब तहसीलदार माहिलपुर रामचंद बंगड समेत सेना के अधिकारी भी तीन हेलीकाप्टरों से घटनास्थल पर पहुंचे। हेलीकॉप्टर को उठाने का प्रयास जारी है।