अबोहर। अबोहर तहसील के गांव धरांगवाला में रविवार को खेल का मैदान उस समय शोकस्थल में बदल गया जब फुटबॉल मैच के दौरान 14 वर्षीय किशोर की अचानक मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना गांव में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान हुई जिसने खिलाड़ियों और दर्शकों सभी को झकझोर कर रख दिया।
धरांगवाला में स्पोर्ट्स क्लब की ओर से फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था जिसमें आसपास के गांवों की टीमें हिस्सा ले रही थीं। गांव आलमवाला की टीम से खेल रहा जसमीत (14) मैच के दौरान अचानक मैदान में गिर पड़ा। पहले तो साथियों को लगा कि उसे मामूली चोट या कमजोरी हुई है लेकिन जब वह उठ नहीं पाया तो अफरा-तफरी मच गई।
खिलाड़ियों और आयोजकों ने तुरंत जसमीत को पास के डॉक्टर के पास पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अबोहर के सिविल अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई।
नौवीं कक्षा का छात्र था
परिजनों ने बताया कि जसमीत नौवीं कक्षा का छात्र था और खेलों का बेहद शौकीन था। वह पूरी तरह स्वस्थ था और उसे किसी प्रकार की बीमारी नहीं थी। जसमीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और तीन बहनों में सबसे छोटा भाई था। उसके पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस दुखद घटना से धरांगवाला और आलमवाला गांवों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों, खिलाड़ियों और आयोजकों ने जसमीत की असामयिक मौत पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। संवाद