चंडीगढ़। शहर के चर्चित सिप्पी सिद्धू हत्याकांड में आरोपी कल्याणी सिंह ने सीबीआई से मामले से जुड़े दस्तावेजों की मांग को लेकर अर्जी दायर की है। हालांकि, सीबीआई की विशेष अदालत में याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई टल गई। अब मंगलवार को सुनवाई होगी। कल्याणी सिंह के वकील एडवोकेट सरतेज नरूला ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस की जांच रिपोर्ट और मामले से जुड़े जो भी इलेक्ट्रानिक डाटा सीबीआई के पास है, उन्हें दिए जाने की मांग की गई। इस मामले में दोनों पक्षों के ओर से मंगलवार को बहस होगी। हालांकि, कल्याणी सिंह की तरफ से दायर याचिका में मामले से जुड़े तमाम दस्तावेजों की पहले भी मांग की गई थी, लेकिन जांच एजेंसी ने इस याचिका के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दायर कर दी थी। सर्वोच्च न्यायालय ने कल्याणी की दस्तावेजों की मांग को खारिज करते हुए कुछ अहम दस्तावेज न देने का फैसला सुनाया था। इसके बाद कल्याणी ने जिन दस्तावेजों को न देने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगाई है, उनके अलावा अन्य दस्तावेजों के लिए सीबीआई की विशेष अदालत में अर्जी लगाई है।
क्या था मामला...
20 सितंबर 2015 को सेक्टर-27 के पार्क में सिप्पी सिद्धू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में सेक्टर 26 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी इस हत्याकांड को सुलझाने में पुलिस पूरी तरह से नाकाम साबित हुई थी। पीड़ित परिवार की ओर से लगाए जा रहे आरोपों और मामले की गंभीरता को देखते हुए इस केस को वर्ष 2016 में सीबीआई को ट्रांसफर कर दिया गया था। सीबीआई ने जांच जारी रखते हुए कल्याणी को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद से कल्याणी के खिलाफ सीबीआई की विशेष अदालत में केस चल रहा है।