साध्वी यौन शोषण मामले में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। यौन शोषण मामले के बाद हत्या के केस में भी डेरा प्रमुख के खिलाफ पूर्व ड्राइवर खट्टा सिंह ने मोर्चा खोलते हुए शनिवार को पंचकूला स्थित विशेष अदालत में गुरमीत राम रहीम के खिलाफ गवाही देने की अर्जी दायर की है। इस मामले में 22 सितंबर को अदालत फैसला लेगी। हत्या के दोनों मामलों में अब अलग अलग सुनवाई होगी, जबकि रणजीत सिंह मर्डर मामले में रोजाना बहस होगी।
सीबीआई की विशेष अदालत के बाहर पैरा मिलिट्री और हरियाणा पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच सुबह 10 बजे रणजीत सिंह हत्या के केस की सुनवाई शुरू हुई जो शाम 4:45 बजे तक चली। हत्या के मामले में आरोपी गुरमीत राम रहीम जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेश हुआ, जबकि अन्य आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान शनिवार को रणजीत सिंह हत्या के मामले में दर्ज 60 में से 31 गवाहों के बयान सुने गए।
अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान उस वक्त डेरा प्रमुख की मुश्किलें और बढ़ गईं जब डेरा प्रमुख के ड्राइवर खट्टा सिंह ने गवाही की अर्जी दायर करने के बाद मीडिया के सामने बयान दिया। खट्टा सिंह ने बताया कि वह 2012 में अपने बयान से मुकर गया था। क्योंकि उसकी व उसके बेटे सहित पूरे परिवार की हत्या किए जाने का उसे डर था। जब गुरमीत पेश हुआ तो पाया गया कि उसकी दाढ़ी भी सफेद हो रही है।
राम रहीम के अधिवक्ता एसके गर्ग नरवाना
- फोटो : अमर उजाला
रणजीत सिंह की हत्या में सोमवार से रोजाना सुनवाई : सीबीआई वकील
सीबीआई के वकील एचपीएस वर्मा ने बताया कि रणजीत सिंह की हत्या के मामले में सोमवार से रोजाना सुनवाई होगी। उन्होंने बताया कि पत्रकार रामंचद्र छत्रपति और रणजीत सिंह के मामलों में अलग अलग सुनवाई होगी। 22 सितंबर को छत्रपति मामले में भी सुनवाई होनी है।
सुनवाई के दौरान डेरा प्रमुख शांत रहे : बचाव पक्ष के वकील
बचाव पक्ष के वकील एसके गर्ग नरवाना ने बताया कि गुरमीत राम रहीम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सीबीआई की अदालत में पेश हुए। हालांकि सुनवाई के दौरान वह पूरी तरह शांत रहे। हत्या के दोनों मामलों में अलग अलग सुनवाई होगी।
हत्या के सभी आरोपियों को किया पेश
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या मामले में आरोपी कृष्ण लाल, निर्मल सिंह, कुलदीप के अलावा रणजीत सिंह मर्डर मामले में कृष्ण लाल, अवतार सिंह, जसबीर, सब्दिल और इंदर सेन सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये गुरमीत राम रहीम को अदालत में पेश किया। कृष्ण लाल हत्या के दोनों मामलों में आरोपी है। पेशी के दौरान गुरमीत राम रहीम हताश और निराश था। इस दौरान वह सिर झुकाकर शांत खड़ा दिखाई दे रहा था।