चंडीगढ़। शहर में बुधवार से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत होगी। 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक चलने वाले इस अभियान में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर खास ध्यान दिया जाएगा। अभियान का मकसद बीमारियों का समय पर पता लगाना, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाना और परिवार को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करना है।
पहले दिन पीजीआई व जीएमएसएच 16 में कैंप
अभियान के पहले दिन पीजीआई और जीएमएसएच सेक्टर-16 में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। 18 सितंबर से पीजीआई की विभिन्न ओपीडी और अन्य स्थानों पर कैंप लगेंगे। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी शिविर लगाए जाएंगे। अभियान की पूर्व संध्या पर स्वास्थ्य विभाग और जीएमसीएच-32 के सहयोग से गांव फैदां में जागरूकता शिविर लगाया गया। इसमें ग्रामीणों को महिलाओं और बच्चों की सेहत से जुड़े मुद्दों पर जानकारी दी गई।