मार्केट में एक मर्ज के लिए कई कंपनियों की दवाएं उपलब्ध है। लगभग सभी कंपनियों के दामों में जमीन-आसमान का अंतर है। इसमें फंसकर अकसर मरीज महंगी दवाएं खरीद लेते हैं। अब इन सारी उलझनों को दूर करने के लिए बाजार में एक नया एप ‘सेव मनी ऑन मेडिसिन बिल्स’ आ चुका है। इस मोबाइल एप को लॉन्च किया है
जेनरिक ड्रग सर्च इंजन हेल्थकार्ट प्लस ने। इसकी मदद से आसानी से दवाओं के असली रेट पता चल सकेंगे। साथ ही आपको यह भी जानकारी मिल जाएगी कि अन्य कंपनियों की दवाओं के क्या रेट हैं। करीब दस ब्रांडेड दवाओं की रेट लिस्ट मोबाइल स्क्रीन पर आ जाएगी। रेट लिस्ट देखने के बाद आप किसी भी कंपनी की दवा मार्केट से ले सकते हैं।
इस एप में एक लाख दवाओं के नाम और उनके रेट अपडेट किए गए हैं। इसे आसानी से मोबाइल में गूगल प्ले के माध्यम से डाउनलोड किया जा सकता। यदि मोबाइल एप डाउनलोड नहीं करना चाहते है तो इंटरनेट की मदद से आप कंप्यूटर, लैपटाप और मोबाइल पर कंपनी की साइट पर जाकर सर्च इंजन में दवा का नाम डाल सकते हैं। नाम डालते ही उसकी और अन्य कंपनियों की रेट लिस्ट आ जाएगी। एप में मेडिसिन के साइडइफेक्ट, एक्शन और उसमें प्रयोग किए साल्ट के बारे में भी जानकारी दी गई है।
इतना अंतर देखने को मिला
आर्थराइटिस के लिए फेमस मेडिसिन लिरिका है। फाइजर कंपनी की 14 कैप्सूल की एक स्ट्रिप की कीमत 768 रुपये है। एप में इस मेडिसिन का नाम डालिए। तुरंत ही आपके सामने 30 से ज्यादा ऑप्शन आ जाएंगे।
इसी आप्शन में सिपला कंपनी की प्रीबैक्स दवा भी मौजूद है। दस कैप्सूल की स्ट्रिप में कीमत मात्र 59 रुपये है। यानी 89 प्रतिशत की बचत। इसी तरह ऑप्शन में ज्यूडश कैंडिला की 10 स्ट्रिप की दवा मात्र 59 रुपये में मौजूद है।
बाजार में पैरासिटामॉल डोलो 650 एमजी की 15 गोलियों के पत्ते का रेट 31 रुपये है। यह माइक्रो लैब लिमिटेड की कंपनी की दवा है। एप में ऑप्शन के तौर पर जोरेक्स कंपनी की दवा मात्र सात रुपये में उपलब्ध है।
डाक्टर से जरूर पूछे
पीजीआई के मेडिसिन से जुड़े विशेषज्ञों ने बताया कि दवा बदलने पर एक बार चिकित्सक से सलाह जरूर ले लें। सरकारी संस्थानों में तो साल्ट लिखे जाते हैं, इसलिए मरीज आसानी से दवा चूज कर सकते हैं। फिर भी दवा लेने के बाद डाक्टर को जरूर दिखा दें।