हरियाणा को 980 नए डॉक्टर जल्द मिलेंगे। सरकार से भर्ती को मंजूरी मिल चुकी है। बड़े पैमाने पर अन्य स्टाफ भी मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए पूरे प्रदेश की मैपिंग की जाएगी। विज विधानसभा में जजपा विधायक देवेंद्र बबली के सवाल का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने कहा, यह चिंता का विषय है कि स्वास्थ्य विभाग में स्टाफ की कमी चल रही है। स्टाफ नर्स की 1584 पदों की परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है और चयन प्रक्रिया जारी है। नेत्र सहायक के 66, रेडियोग्राफर के 197, लैब टेक्नीशियन के 307, लैब सहायक के 28, ओटीए के 100, एमपीएचडब्ल्यू फीमेल के 432, दंतक स्वस्तिक कर्मी के 29, डायटिशियन के 23 पदों की परीक्षा का परिणाम घोषित हो चुका है।
टीबीएचसी के 8, सोशल वर्कर के 33, फिजियोथेरेपिस्ट के 92 और क्लास-4 के 1782 पदों पर चयन प्रक्रिया लंबित है। प्रदेश की मैपिंग के बाद हर उस क्षेत्र में समानांतर रूप से स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जहां उनकी जरूरत होगी। विज ने कहा कि गांव भादसों की जनसंख्या 27,770 के आसपास है। इसी प्रकार गांव बयाना की जनसंख्या 35,780 के आसपास है, इसलिए यहां पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के बारे में अभी तक सरकार के पास कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए गांव की जनसंख्या एक लाख से ऊपर होनी चाहिए। टोहाना के सामान्य चिकित्सालय में चहारदीवारी और स्टाफ क्वार्टर को ठीक करवाने के लिए जांच करवाई गई है। जिसे जल्द ही ठीक करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।