स्वास्थ्य विभाग ने चंडीगढ़ के सरकारी अस्पताल में कार्ड बनवाने के लिए लगने वाली कतार से भीड़ कम करने व समय बचाने के लिए क्यूआर कोड स्कैनिंग के जरिए पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी है। यह सुविधा सबसे पहले जीएमएसएच-16 में शुरू की गई है। यहां पर मरीजों के क्यूआर कोड से पंजीकरण के लिए अलग काउंटर बनाया गया है।
काउंटर पर तैनात स्टाफ चंद सेकंड में मरीजों का पंजीकरण कर रहा है। हालांकि, सामान्य रूप से पंजीकरण करने का क्रम भी जारी है। सुविधा के लिए मरीजों को स्मार्टफोन में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एप को डाउनलोड करना अनिवार्य है। इसके बाद कोई भी इसका लाभ उठा सकता है।
जीएमएसएच-16 के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके नागपाल ने बताया कि अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर एक क्यूआर कोड लगाया गया है। इस पर लोगों को अपनी हेल्थ आईडी स्कैन करनी होगी। स्कैन होते ही मरीज को उसका टोकन नंबर मिल जाएगा। इसके आधार पर अंदर बैठा ऑपरेटर मरीजों का कार्ड बना देगा। इसमें मरीज को कार्ड बनवाने के लिए सिर्फ संबंधित विभाग का नाम बताना होगा। इसके अलावा सारी जानकारी कर्मचारी को मरीज से आईडी से मिल जाएगी।
ऐसे करें एप डाउनलोड
गूगल प्ले स्टोर से एंड्रॉयड फोन के लिए आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (एबीएचए) एप और एप्पल एप स्टोर से आई फोन के लिए आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीएचए एबीडीएम) एप डाउनलोड और इंस्टॉल करें।
एबीएचए नंबर आईडी या एबीएचए से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर का उपयोग करके लॉगिन करें। अगर आपके पास एबीएचए नंबर आईडी नहीं है तो कृपया पहले आधार के माध्यम से अपना पंजीकरण करें।
- अस्पताल के पंजीकरण काउंटर का क्यूआर कोड स्कैन करें।
- अस्पताल के साथ अपना प्रोफाइल, व्यक्तिगत विवरण साझा करने के लिए शेयर बटन पर क्लिक करें और पंजीकरण टोकन नंबर प्राप्त करें।
- टोकन 30 मिनट में समाप्त हो जाएगा।
- जब तक ऑपरेटर आपका टोकन नंबर नहीं बोलता तब तक अपनी बारी का इंतजार करें।
- फिर काउंटर पर जाएं और अपना ओपीडी कार्ड प्राप्त कर डॉक्टर से सलाह लें।