संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। फरीदकोट के फिरोजपुर रोड पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पंजाब पुलिस की सीआईडी विंग से मिली सूचना के आधार पर छापेमारी कर खाने-पीने की वस्तुओं के सैंपल लिए। यह कार्रवाई उस स्थान पर की गई जहां मैरिज पैलेसों में सप्लाई के लिए कैटरिंग का सामान तैयार किया जा रहा था। जांच के दौरान साफ-सफाई की भारी कमी पाई गई। सूचना के अनुसार, इमारत में कैटरिंग का काम करने वाला व्यक्ति घटिया सामग्री का उपयोग कर रहा था। फूड सेफ्टी ऑफिसर हरविंदर सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर सैंपलिंग की। कारोबार चला रहे व्यक्ति ने दावा किया कि वे केवल उच्च गुणवत्ता का ही सामान तैयार करते हैं और खराब या सड़ा-गला माल कभी सप्लाई नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि कच्चा माल संबंधित पक्ष द्वारा उपलब्ध कराया जाता है और वे केवल उसकी तैयारी करते हैं।
हरविंदर सिंह ने कहा कि लिए गए सैंपलों को लैब में जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कारोबारी के पास केवल फूड सेफ्टी विभाग की रजिस्ट्रेशन थी, जबकि नियमों के अनुसार फूड सेफ्टी लाइसेंस होना अनिवार्य है। संबंधित व्यक्ति ने अब लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई खाने-पीने की वस्तुओं की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है, ताकि आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध हो सके।