फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ः फिल्मी अंदाज में स्वस्थ्य विभाग का छापा, भारी मात्रा में पकड़ा पनीर और क्रीम

Wed, 12 Sep 2018 09:52 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
छापेमारी करते अधिकारी
विज्ञापन
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने सेक्टर-22 में फिल्मी अंदाज में छापा मारकर पंजाब से ला रहे पनीर और क्रीम से भरी गाड़ी पकड़ी है। इसके बाद सेक्टर-22 की कोठी नंबर 2576 में छापा मारकर भारी मात्रा में पनीर और दही पकड़ा गया। इसी कोठी से अमृत डेयरी संचालित हो रही थी। इन दोनों के पास फूड लाइसेंस नहीं था। विभाग ने दोनों के फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड एक्ट के तहत चालान काटकर 4 सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। सैंपल फेल होने की स्थिति में अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उसके पास और भी सूचनाएं हैं, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन


रात दो बजे से चल रही थी सर्च
पंजाब के एक अधिकारी से चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली कि पंजाब नंबर की एक गाड़ी सेक्टर-22 में आती है, जो बाजार के रेट के मुकाबले बहुत ही कम दाम पर पनीर सप्लाई करती है। पनीर भी घटिया दूध से बना हुआ है। इसी सूचना के आधार पर एक टीम बनाई गई। इसकी सूचना चंडीगढ़ प्रशासन और क्राइम ब्रांच को भी दी गई। रात दो बजे टीम सेक्टर-22 पहुंच गई और पंजाब नंबर की हर गाड़ी पर नजर रखना शुरू कर दिया।
विज्ञापन

सेक्टर-22 की कोठी में चल रहा था गोरखधंधा

कार्रवाई करते अधिकारी
सुबह छह बजे तक गाड़ी नहीं मिली। पुलिस वाले हताश होने लगे मगर स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूरा विश्वास था कि गाड़ी आएगी। हालांकि, सवा छह बजे टीम वापस लौट आई। पौने सात बजे फिर से सूचना मिली कि सेक्टर-22 में गाड़ी प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही टीम वापस स्पॉट पर पहुंची और पंजाब नंबर वाली गाड़ी को पकड़ लिया। इसमें चार क्विंटल पनीर और 50 किलो क्रीम थी। दोनों के दो सैंपल भरे। ड्राइवर के पास फूड लाइसेंस नहीं था। विभाग ने मौके पर ही चालान काटा और ड्राइवर की जमानत ली, ताकि सैंपल फेल होने पर उस तक पहुंचा जा सके।

गाड़ी चालक की निशानदेही पर ही टीम सेक्टर-22 की कोठी नंबर 2576 पहुंची। कोठी के बरामदे में भारी मात्रा में पनीर और दही रखा था। करीब सात क्विंटल पनीर और दही के दस डिब्बे थे। दोनों के सैंपल भरकर जांच के लिए लैब भेजा और फूड लाइसेंस नहीं होने पर कोठी मालिक मोहिंदर सिंह का चालान भी काटा। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि मोहिंदर सिंह शादियों और कैटर्स के पास पनीर व दही बेचता है।

घटिया दूध का बना हो सकता है पनीर
स्वास्थ्य विभाग को शक है कि पनीर और क्रीम घटिया दूध के बने हो सकते हैं। क्योंकि इनकी सप्लाई पंजाब से हो रही थी और इसका रेट भी बाजार के मुकाबले काफी कम है। इसीलिए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट 14 दिनों में आएगी। सैंपल फेल होने की स्थिति पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है। पिछले महीने पंजाब में भारी मात्रा में पनीर पकड़ा गया था, जो घटिया दूध से बनाया गया था। उसके बाद से चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अपना सर्विलांस बढ़ा दिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें