चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक का बकाया 9.63 लाख रुपये किराया चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के खाते में जमा करा दिया है। यह किराया धनास के 8 फ्लैट्स का है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग पिछले कई वर्षों से डिस्पेंसरी चला रहा है। इस संबंध में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग ने स्वास्थ्य विभाग के निदेशक को आदेश जारी किए थे।
इसे लेकर अमर उजाला ने 28 सितंबर के अंक में ‘साहब ने अपने ही विभाग को कह डाला...किराया नहीं भरा तो जड़ेंगे ताला’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। स्वास्थ्य विभाग ने सीएचबी के आठ फ्लैट किराए पर ले रखे हैं लेकिन आज तक इनका किराया नहीं भरा। बकाया रकम 9.63 लाख रुपये हो चुकी थी। सीएचबी ने डिफॉल्टर सूची जारी कर कार्रवाई की बात कही थी।
खास बात यह है कि सीएचबी और स्वास्थ्य विभाग दोनों के मुखिया एक ही अधिकारी हैं। खबर प्रकाशित होने के बाद बोर्ड के सीईओ यशपाल गर्ग ने 28 सितंबर को ही स्वास्थ्य विभाग के निदेशक को बकाया राशि तुरंत जमा कराने के आदेश जारी किए थे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि अगर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जल्द बकाया राशि को जमा नहीं कराया गया तो उनके खिलाफ भी वही कार्रवाई होगी, जो अन्य अलॉटियों के खिलाफ हो रही है।