पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल राम लाल को बहादुरी के लिए राष्ट्रपति पुलिस मेडल देने का एलान किया गया है। राम लाल ने पिछले साल गुरदासपुर में दीनानगर पुलिस थाने पर हुए आतंकी हमले में बेमिसाल बहादुरी दिखाई थी। लंबे समय तक आतंकियों के साथ मुकाबला किया था।
इसके अलावा एसएसपी तरनतारन मनमोहन शर्मा और 12 अन्य पुलिस मुलाजिमों को भी शानदार सेवा के लिए पुलिस मेडल दिए जाने का एलान किया गया है। इनमें पीएपी जालंधर के इंस्पेक्टर दारा सिंह, पीएपी फिल्लौर के एएसआई तारा सिंह, पीएपी जालंधर के एएसआई बलकार सिंह, एडीजीपी आर्म्ड बटालियन जालंधर के एएसआई ज्ञान सिंह, लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट केएसआई मंगल सिंह, सीआईए इंचार्ज बठिंडा एसआई जगदीश कुमार, पीएपी जालंधर के एसआई प्रेम दास, प्रोविजनिंग विंग के एएसआई भूपिंदर सिंह, सीआईडी ट्रेनिंग स्कूल पटियाला के एएसआई रजिंदर सिंह, पीएपी सीआईडी यूनिट के एएसआई सोहन सिंह, लुधियाना के एएसआई सुरेश कुमार व बठिंडा के एएसआई गुरमेल सिंह शामिल हैं।
एएसआई सोहन सिंह को पुलिस मेडल
पंजाब पुलिस की चंडीगढ़ स्थित गुप्तचर शाखा के एएसआई सोहन सिंह को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस के मौके पर राष्ट्रपति की ओर से पुलिस मेडल दिया जाएगा। मूलरूप से फतेहगढ़ साहिब के गांव मैण माजरा निवासी सोहन सिंह अगस्त 1981 में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। इसी दौरान 1991 में उनका तबादला गुप्तचर शाखा में हुआ और वह तब से लेकर इसी शाखा में तैनात हैं।
25 पुलिस कर्मचारी पुलिस मेडल से होंगे सम्मानित
गणतंत्र दिवस पर यूटी पुलिस के 25 मुलाजिम पुलिस मेडल से सम्मानित होंगे। इन पुलिस कर्मचारियों को पुलिस विभाग में इनके विशिष्ट योगदान के लिए पंजाब-हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी सेक्टर 17 परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस की परेड में सम्मानित करेंगे। सम्मानित होने वाले मुलाजिमों में चार इंस्पेक्टर अमराव सिंह, पवनेश कुमार, प्रदीप शर्मा और कुलवीर कौर हैं। पांच सब-इंस्पेक्टर में रविंदर सिंह, सुरिंदर गौतम, जगदीश सिंह, जसविंद्र सिंह और परविंद सिंह हैं।
चार असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर में गुरमीत सिंह, गुरमैल सिंह, हरमीत सिंह और सुमेर सिंह शामिल हैं। इनके अलावा आठ हेड कांस्टेबल वेद प्रकाश, राजबाला, सत्यवान, बलवान सिंह, रचना खुल्लर, राजबीर सिंह, रामफल और रोशन लाल है। चार कांस्टेबलों में अमरीक सिंह, वीरभान मलिक, अश्विनी कुमार और होशियार सिंह शामिल हैं।
एडीजीपी शत्रुजीत और सुधीर चौधरी को राष्ट्रपति पुलिस पदक
हरियाणा के दो अतिरिक्त पुलिस महानिदेशकों को गणतंत्र दिवस के मौके पर विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, जबकि तीन पुलिस उप-अधीक्षकों, एक निरीक्षक, तीन उपनिरीक्षकों, चार सहायक उप-निरीक्षकों और एक हेड कांस्टेबल को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणा पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (जेल) सुधीर चौधरी और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) शत्रुजीत कपूर को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया जाएगा। सराहनीय सेवाओं के लिए 12 अन्य पुलिसकर्मियों में डीएलएफ गुड़गांव के सहायक पुलिस आयुक्त रमेश पाल, सीआईडी चंडीगढ़ के पुलिस उप-अधीक्षक उदय राज सिंह तंवर, द्वितीय इंडिया रिजर्व बटालियन भौंडसी गुड़गांव के पुलिस उप-अधीक्षक बलवान सिंह, पुलिस महानिरीक्षक रोहतक कार्यालय के निरीक्षक अनूप सिंह, सीआईडी हरियाणा के उप-निरीक्षक बलदेव कृष्ण और सीआईडी यूनिट हिसार के उपनिरीक्षक सत्यबीर सिंह शामिल हैं। इनके अलावा पुष्पिंदर पाल एक्जेम्पटी उप-निरीक्षक पंचकूला, जसबीर सिंह सहायक उप-निरीक्षक चंडीगढ़, भागीरथ ईएएसआई पंचकूला, रविंद्र कुमार ईएएसआई पंचकूला, भगवान दास ईएएसआई पंचकूला और इंद्रदीप सिंह ईएचसी यमुनानगर को भी पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।
शत्रुजीत को दूसरी बार राष्ट्रपति सम्मान
हरियाणा सीआईडी के एडीजीपी और 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी शत्रुजीत कपूर अब तक हरियाणा में कई अहम पदों का जिम्मा संभाल चुके हैं। उन्होंने कोसोवो में यूएन पीस कीपिंग मिशन (2001-2002) और सीबीआई (2002-2008) में भी सेवाएं दी हैं। एडीजीपी शत्रुजीत कपूर को वर्ष 2006 में उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था। अब वर्ष 2016 में गणतंत्र दिवस पर उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा जा रहा है।
सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट को पुलिस पदक
पंजाब-हरियाणा सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में तैनात सीआईएसएफ की यूनिट में डिप्टी कमांडेंट मंदीश सिंह साही को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस पर पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।