चंडीगढ़। पंजाब परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को कर्मचारी यूनियनों के साथ बैठक कर अनुबंध पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
भुल्लर ने बताया कि इस संबंध में विचार-विमर्श के लिए 3 फरवरी को परिवहन सचिव वरुण रूजम के साथ यूनियन सदस्यों की अगली बैठक तय की गई है। बैठक में पंजाब रोडवेज और पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। मंत्री ने कहा कि अनुबंध कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और जल्द ही इस पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों का कल्याण और राज्य के यात्रियों की सुविधा दोनों ही प्राथमिकता हैं।
भुल्लर ने कर्मचारियों से अपील की कि वे जनहित में अपनी सेवाएं इसी तरह निभाते रहें। इस अवसर पर निदेशक स्टेट ट्रांसपोर्ट राजीव कुमार गुप्ता और एएमडी पीआरटीसी नवदीप कुमार भी उपस्थित थे। ब्यूरो