अश्वनी गुप्ता का कार चलाते का वीडियो।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
देशभर में चर्चित पूजा खेडकर के जैसा ही एक मामला पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में हरियाणा से सामने आया है। हरियाणा सिविल सर्विसेज (एचसीएस) में दृष्टि बाधित कोटे से टॉप कर चयनित होने वाले अश्वनी गुप्ता का ड्राइविंग लाइसेंस और कार चलाते हुए एक वीडियो सामने आया है।
अश्वनी गुप्ता का ड्राइविंग लाइसेंस हिमाचल प्रदेश से जारी हुआ है। मामला संज्ञान में आने के बाद हरियाणा सरकार ने हाईकोर्ट को भरोसा दिलाया कि अश्वनी गुप्ता के सभी दस्तावेज की जांच के बाद ही नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
18 जून 2024 को हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की तरफ से एचसीएस में चयनित 112 कैंडिडेट्स को नियुक्ति पत्र देने की सिफारिश की गई थी। इस मामले में हरियाणा के हिसार निवासी रीतू ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने याचिका दायर कर दी। इस याचिका में रीतू ने दृष्टि बाधित कोटे से एचसीएस टॉपर अश्वनी गुप्ता के चयनित होने पर सवाल उठाकर जांच की मांग की।
हाईकोर्ट ने कहा-मामला गंभीर, सरकार से जवाब मांगा... याची ने बताया कि इस बारे में सरकार व एसपीएचसी को शिकायत दी गई थी, इसके बावजूद मामले में ना कोई जांच हुई और न कोई कार्रवाई की गई। हाईकोर्ट ने मामले को गंभीर बताते हुए हरियाणा सरकार से जवाब मांगा, जिस पर हरियाणा सरकार ने कोर्ट को विश्वास दिलाया कि अश्वनी गुप्ता के दस्तावेज और उनकी ओर से दी गई जानकारी की उचित जांच के बगैर उन्हें नियुक्ति नहीं दी जाएगी।