चंडीगढ़। चंडीगढ़ की सड़कों पर बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार सुबह सेक्टर-31 और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 के लाइट पॉइंट पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू ने बुलेट मोटरसाइकिल सवार 26 वर्षीय प्रथम सालवान को पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल प्रथम को कार चालक खुद राहगीरों की मदद से जीएमसीएच-32 लेकर पहुंचा लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मोहाली के रहने वाले कार चालक आफताब के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात है कि साल 2026 के पहले छह महीनों में ही सड़क दुर्घटनाओं में 46 मौतें हो चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब सात बजे पंजाब नंबर की बीएमडब्ल्यू तेज गति से इंडस्ट्रियल एरिया की ओर जा रही थी। कार ने पीछे से प्रथम की बुलेट को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय कार में चालक के साथ एक युवती भी सवार थी। हालांकि चालक मौके से भागा नहीं। उसने राहगीरों की मदद से घायल को ऑटो में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
मृत युवक के जीजा मंगल ने बताया कि रामदरबार निवासी प्रथम रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े पांच बजे सेक्टर-31 स्थित जापानी पार्क में सैर करने गया था। वह प्रतिदिन साढ़े सात बजे तक घर लौट आता था लेकिन सोमवार को काफी देर तक नहीं पहुंचा। चिंतित परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया तो कॉल पुलिसकर्मी ने उठाई और हादसे की सूचना दी। अस्पताल पहुंचने पर परिवार को उसकी मौत की खबर मिली।
पांच महीने पहले ही लगी थी नौकरी
प्रथम पंचकूला की एक निजी आईटी कंपनी में डाटा ऑपरेटर था। करीब पांच महीने पहले ही उसे नौकरी मिली थी। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें छोटी बहन की शादी नवंबर में तय है। पिता मनदीप सालवान हरियाणा के सरकारी विभाग में ठेके पर चालक हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा प्रथम पर था।
कोट
आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के कारण, वाहन की रफ्तार और चालक की लापरवाही समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।-हरिओम शर्मा, थाना प्रभारी, सेक्टर-31
सड़क पर सबसे असुरक्षित दोपहिया चालक और पैदल यात्री
शहर में सड़क हादसों का ग्राफ लगातार चिंता बढ़ा रहा है। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में 96 सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इनमें 42 हादसे जानलेवा साबित हुए और 46 लोगों की मौत हो गए जबकि 78 लोग घायल हुए। यातायात पुलिस के अनुसार मरने वालों में सबसे अधिक 23 दोपहिया वाहन चालक और सवार हैं। इसके अलावा 14 पैदल यात्री, पांच साइकिल सवार, तीन ई-रिक्शा सवार और एक कार सवार की भी जान गई। पिछले वर्ष इसी अवधि में 45 लोगों की मौत हुई थी। आंकड़ों के मुताबिक सड़क पर सबसे असुरक्षित दोपहिया चालक और पैदल यात्री हैं।
इस साल के बड़े सड़क हादसे
15 फरवरी: सेक्टर-5/8 मोड़ पर तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा और साइकिल को टक्कर मारी। तीन लोगों की मौत, चार घायल। चालक पर नशे में होने का आरोप लगा।
25 फरवरी: कालाग्राम ट्रैफिक सिग्नल पर तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मारी। दो सगे भाइयों की मौके पर मौत हो गई।
29 जून: हल्लोमाजरा ट्रैफिक सिग्नल पर ट्रक की चपेट में आने से 11 वर्षीय साइकिल सवार बच्चे की मौत हुई। आरोपी चालक को 20 किलोमीटर पीछा कर गिरफ्तार किया गया।
21 जुलाई: सेक्टर-31 लाइट प्वाइंट पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू की टक्कर से 26 वर्षीय प्रथम सालवान की मौत।
हर साल बढ़ रहा मौतों का आंकड़ा
वर्ष सड़क हादसों में मौत
2023
67
2024
81
2025
86
2026
जनवरी-जून में ही 46