रुपहले पर्दे पर हरियाणा अब अपनी चमक और बिखेरेगा। हरियाणा सरकार अपनी फिल्म पॉलिसी को जल्दी बड़े पैमाने पर लॉन्च करने जा रही है। इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बुधवार को मुंबई में फिल्म निर्देशक सतीश कौशिक के साथ सीएम मनोहर लाल के प्रधान ओएसडी नीरज दफ्तुआर, मीडिया सलाहकार अमित आर्य व निदेशक जनसूचना एवं संपर्क पीसी मीणा की इसे लेकर विस्तृत बातचीत हुई।
विज्ञापन
तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पॉलिसी को हर दृष्टिकोण से बेहतर बनाने पर चर्चा की। 20 दिसंबर को हरियाणा सरकार पॉलिसी की लांचिंग की प्रक्रिया को अंतिम रूप दे देगी। मुंबई में प्रतिनिधिमंडल ने फिल्म पॉलिसी को फिल्मकारों व प्रदेश हित में बनाने को लेकर काफी होमवर्क किया है। फिल्म उद्योग की जरूरतों और इच्छाओं को भी जानने की कोशिश की गई है। बातचीत के दौरान नीरज दफ्तुआर व अमित आर्य ने फिल्मकारों को आश्वस्त किया है कि उन्हें हरियाणा में दोस्ताना माहौल मिलेगा।
फिल्मांकन को लेकर किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। फिल्मों की शूटिंग के लिए अनेक बेहतरीन स्थल मौजूद हैं। हरियाणा में अनेक फिल्मों को फिल्माया जा चुका है। उन्होंने हरियाणा में शूटिंग के मौजूद स्थलों की जानकारी भी फिल्म निर्देशकों को दी है। फिल्म पॉलिसी में हरियाणा के परिवेश पर फिल्में बनाने और यहां की संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष छूट भी दी जा सकती है।
विज्ञापन
अब हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री ने पकड़ी तेजी
अब हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री ने तेजी पकड़ ली है और एक नई दिशा में चल पड़ी है। इसका एक कारण यह भी है कि हरियाणा सरकार की फिल्मों को लेकर बनाई गई नीति इसको बढ़ावा देने में मददगार हो रही है। इसी वजह से यहां फिल्मों को बनाने के लिए डायरेक्टर और प्रोड्यूसर आने लगे हैं। यह प्रोड्यूसर और डायरेक्टर वो हैं जो कि हरियाणा से कहीं न कहीं से संबंध रखते हैं। एक समय था जब यहां बनाई गई मशहूर ऐतिहासिक फिल्म चंद्रावल ने पूरे उत्तर भारत में धमाल मचा दिया था। इसके बाद से हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री कुछ खास नहीं कर सकी।
पांच साल में हरियाणा में न सिर्फ फिल्मों की शूटिंग होने लगी है बल्कि यहां की स्टोरी को लेकर उन पर बनाई गई बॉलीवुड की फिल्में भी धमाल मचा रही हैं। एक फिल्म एक्सपर्ट और लाइन प्रोड्यूसर मनीष ने बातचीत में बताया कि हरियाणा में मोरनी हिल्स, फरीदाबाद, करनाल और हिसार में अच्छी लोकेशन हैं। कुरुक्षेत्र में भी कई लोकेशन पर शूटिंग की जा सकती है। कई बॉलीवुड मूवी की शूटिंग इसी वजह से उक्त लोकेशन पर की जा चुकी है। इसमें पुराने गांव की लोकेशन भी मिल जाती है।
हरियाणा में फिल्मों को बढ़ावा देने को लेकर लाइन प्रोड्यूसर लाली गिल ने बताया कि हरियाणवी फिल्म इंडस्ट्री को पनपने में अभी थोड़ा ओर समय लगेगा। हरियाणा सरकार की फिल्म नीति की घोषणा के बाद से यहां फिल्में बनने भी लगी हैँ और अब यहां इंफ्रास्ट्रक्चर भी डेवलप होने लगा है।
रोहतक का फिल्म इंस्टीट्यूट निभा रहा है अच्छी भूमिका
रोहतक का फिल्म इंस्टीट्यूट भी हरियाणा में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस संबंध में बॉलीवुड के एक हरियाणवी कलाकार ने कहा है कि हरियाणवी टच देने के लिए हरियाणा के कलाकारों की फिल्मों में बहुत जरूरत होती है और इस इंस्टीट्यूट से अच्छे कलाकार निकलते हैं। उन्होंने बताया कि इस इंस्टीट्यूट के करीब बीस से ज्यादा कलाकारों को तो उन्होंने खुद मौका दिया है।
हरियाणा में छुपी हैं प्रतिभाएं
हरियाणा से निकले कलाकारों न सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि हॉलीवुड तक में छा गए हैं। अब हरियाणा की इंडस्ट्री के विकास में यह कलाकार अपना योगदान देने के लिए तैयार हैं। हरियाणा से निकले कलाकारों में मल्लिका शेरावत, यशपाल शर्मा, प्रियंका चोपड़ा, परिणीति चोपड़ा, जूही चावला, रणवीर हुड्डा, मानुषी छिल्लर (मिस वर्ल्ड 2017), जगत जाखड़ (चंद्रावल के हीरो), पारुल गुलाटी, राजकुमार राव, मोहित अहलावत, सुनील ग्रोवर के नाम प्रमुख हैं।
तकनीकी पक्ष को करना होगा मजबूत
हरियाणावी फिल्म इंडस्ट्री अब डेवलप हो रही है। यहां जरूरत यह है कि इसके तकनीकी पक्ष को मजबूत किया जाए। हरियाणा में फिल्म इंडस्ट्री को ज्यादा डेवलप करना है तो फिल्म बनाने वालों और फिल्म में काम करने वाले कलाकारों को बूस्ट किया जाए। मैं हरियाणा का हूं और मैं यहां काम भी कर रहा हूं। मेरे दो प्रोजेक्ट हैं। मैं हरियाणा के प्रमुख गायक लख्मीचंद पर मूवी बना रहा हूं और दूसरा मैं हरियाणा के एक पुलिस अधिकारी अनिव राव पर फिल्म प्लान कर रहा हूं। यह फिल्म हरियाणा के पुलिस कर्मियों को समर्पित होगी। बेशक हरियाणा में शूटिंग के लिए बहुत सी लोकेशन हैं, पर अभी अच्छे कैमरामैन, तकनीकी स्टाफ और प्रोडक्शन टीम के साथ प्रोफेशनल स्टूडियो को भी राज्य में लाना होगा।
- यशपाल शर्मा, एक्टर और डायरेक्टर, बॉलीवुड