विधानसभा में जाते मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर (आठ मार्च) हरियाणा विधानसभा नारी सशक्तिकरण का संदेश देगी। सदन में महिला विधायकों का पूरा बोलबाला दिखेगा। सदन की कमान तो इनके हाथ रहेगी ही, अधिकांश समय भी महिला सदस्यों को बोलने के लिए दिया जाएगा। विधानसभा स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता ने आठ मार्च को सदन की कार्यवाही चलाने के लिए पांच महिला विधायकों सीमा त्रिखा, निर्मल रानी, नैना चौटाला, गीता भुक्कल और किरण चौधरी को चेयरपर्सन नियुक्त किया है।
स्पीकर ने पहले चार महिला विधायकों का नाम ही चेयरपर्सन के लिए लिया, जिसमें दो भाजपा, एक जजपा और एक कांग्रेस विधायक शामिल रहीं। इस पर कांग्रेस की वरिष्ठ विधायक किरण चौधरी ने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से मात्र एक ही विधायक को चेयरपर्सन की सूची में शामिल किया गया है।
स्पीकर ने पूरी बात सुनने के बाद किरण चौधरी का नाम भी लिख लिया। साथ ही बताया कि उन्हें भी सूची में शामिल किया गया है, अब उन पर निर्भर है, वह उस दिन सदन में रहेंगी या नहीं। किरण ने तपाक से जवाब दिया कि पूर्व निर्धारित कार्य न हुआ तो सदन में एतिहासिक दिन का हिस्सा जरूर बनूंगी।
गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है तो सदन का नजारा वैसा दिखना भी चाहिए। उस दिन महिला विधायक ही सदन का संचालन करेंगी। उन्हें सदन में अधिक से अधिक समय तक अपनी बात रखने का मौका दिया जाएगा। जिससे वे अपने भाव व्यक्त कर सकें। महिला विधायकों के यहां पहुंचने तक के अनेक अनुभव रहे होंगे, वे उन्हें भी साझा कर सकती हैं।
विधानसभा में वर्तमान महिला विधायक
कमलेश ढांडा, सीमा त्रिखा, गीता भुक्कल, किरण चौधरी, शकुंतला खटक, निर्मल रानी, नैना चौटाला, रेणु बाला, शैली।