सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में अग्रवाल सभा पंचकूला द्वारा मंगलवार को हरियाणा के नवनियुक्त उद्योग मंत्री विपुल गोयल के अभिनंदन के लिए समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनके साथ राज्य मंत्री ज्ञानचंद गुप्ता सहित भाजपा के कई उच्च अधिकारी भी पहुंचे। इस मौके पर उद्योग मंत्री ने कहा कि वे हरियाणा में ग्रीन इंडस्ट्रीज के विकास के लिए कार्य करेंगे।
मंत्री गोयल ने कहा कि आज देश को कौशल विकास की आवश्यकता है और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी यही सपना है। अगर नौजवान स्किल्ड हैं तो युवाओं को नौकरी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा और हर क्षेत्र में उन्हें नौकरियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मंगलवार को विधानसभा में पास किया गया है कि राज्य के हर जिले में मॉडरनाइज आईटीआई खोली जाएगी। इसके अलावा जहां पर आईटीआई हैं उन्हें मॉडरनाइज किया जाएगा।
एचएमटी के मुद्दे पर इंडस्ट्रीज मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अभी कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री से इस बारे में बात की है और प्रधानमंत्री ने भी इस बारे में आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले 15-20 दिन में वे भी एचएमटी का दौरा करेंगे और जितना हो सके उतना अच्छा एचएमटी वासियों के लिए किया जाएगा।