अब आपको सड़कों से जल्द लावारिस पशु गायब देखने को मिल सकते हैँ। बीजेपी शासित प्रदेश इसके लिए खास तैयारी कर रहा है। ये प्रदेश है हरियाणा, जहां सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में इस बात का फैसला लिया गया कि हरियाणा 15 अगस्त तक लावारिस पशु मुक्त राज्य होगा। राज्य में गोवंश की टैगिंग अक्तूबर, 2017 कर दी जाएगी। पहले चरण में 30 जून तक राज्य के 11 जिले लावारिस पशु मुक्त हो जाएंगे, जबकि शेष जिले दूसरे चरण में 15 अगस्त तक लावारिस पशु मुक्त होंगे।
पशुओं की टैगिंग का काम वर्तमान में जारी है। पशुओं के लिए 12 नंबर का एक यूनीक नंबर दिया जाता है, जिससे उसकी पहचान की जाती है। इसी यूनीक नंबर से पता चलता है कि यह पशु किस मालिक, किस गांव या किस जिले का है। टैग पशु का डाटा राज्य के हर अस्पताल में भी उपलब्ध होगा।
प्रदेश में 18 लाख से अधिक गोवंश हैं, जिनकी टैगिंग जुलाई से अक्तूबर माह के बीच की जाने वाली गणना के दौरान कर दी जाएगी। अब तक प्रदेश के 2.5 लाख पशुओं की टैगिंग कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के हर पशु को टैग किया जाए।