लोकसभा चुनाव के परिणाम आने में 15 दिन बचे हैं, लेकिन हरियाणा कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। आगामी चुनाव जीतने के लिए पार्टी मोहरे बदलने को भी तैयार है। पार्टी ने मौजूदा विधायकों की फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। करीब आधे उम्मीदवारों की टिकट काटी जा सकती है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लोकसभा चुनाव में दस में आठ सीटों पर भितरघात की शिकायतें मिली हैं। डॉ. अशोक तंवर ने स्वयं अंबाला के राज कुमार वाल्मीकि, कुरुक्षेत्र के नवीन जिंदल, करनाल के डॉ. अरविंद शर्मा, भिवानी-महेंद्रगढ़ से श्रुति चौधरी की मां किरण चौधरी, गुड़गांव से राव धर्मपाल, फरीदाबाद से अवतार सिंह भड़ाना, हिसार से प्रो. संपत सिंह के साथ बातचीत की और भितरघात की जानकारी ली। तंवर ने खुद सिरसा से चुनाव लड़ा, उन्हें भी भितरघात का सामना करना पड़ा था।
रणनीति तैयार करने में जुटे तंवर
चुनाव प्रचार के दौरान स्टार प्रचारक मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा के संभावित कांग्रेसी उम्मीदवारों को चेताया था कि वे अपने हलकों में प्रचार करें क्योंकि इसका असर विधानसभा चुनाव पर भी पड़ेगा। इससे पहले गोहाना में 10 नवंबर को हुई रैली में सीएम ने युवाओं को तवज्जो देने की बात कह चुके हैं।
अब नए प्रदेश अध्यक्ष तंवर भी हाईकमान से बात कर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। इस कड़ी में लोकसभा उम्मीदवारों से फीडबैक लेने के अलावा कांग्रेस के जिला और खंड अध्यक्षों से लिखित में यह पूछा है कि किसने लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में काम नहीं किया।
ये रिपोर्ट आने के बाद भितरघात करने वालों पर कार्रवाई हो सकती है। मगर विधानसभा चुनाव में 50 फीसदी सीटें नए चेहरों को देने की योजना तैयार की जा रही है। विनोद शर्मा को छोड़ मौजूदा 44 विधायकों में से कई के टिकट कट सकते हैं। इसके अलावा 2009 के विधानसभा चुनाव में जो कांग्रेस की टिकट पर लड़े और हार गए थे, उनमें से भी अधिकतर के टिकट कट सकते हैं।
यह तो सीएम साहब भी कह चुके हैं : तंवर
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने अमर उजाला के पूछने पर बताया कि कांग्रेस के मौजूदा विधायकों और पिछले विधानसभा चुनाव में हारे उम्मीदवारों में से आधे के टिकट काटे जा सकते हैं। यह बात मुख्यमंत्री हुड्डा भी कह चुके हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा पार्टी हाईकमान भी चाहता है कि इस बार युवाओं और महिलाओं को ज्यादा टिकट दिए जाएंगे। तंवर ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने विकास कार्य करवाए हैं और उन्हीं के दम पर तीसरी बार भी प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।