हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने टीजीटी अंग्रेजी के 1035 पदों की भर्ती प्रक्रिया रद्द कर दी है। सोमवार को इसकी अधिसूचना जारी की। अब आयोग नए सिरे से इन पदों को भरने का विज्ञापन जारी करेगा। साल 2015 में एचएसएससी ने टीजीटी अंग्रेजी के शेष हरियाणा काडर के 694 और मेवात काडर के 341 पदों के लिए आवेदन मांगे थे।
आवेदन मांगने के बाद इस भर्ती की शैक्षणिक योग्यता संबंधी नियमों को लेकर हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। तभी से यह भर्ती अटकी हुई थी। नए नियमों के अनुसार साक्षात्कार को खत्म कर दिया गया है।
सामाजिक-आर्थिक आधार पर अब अलग से अंक दिए जाते हैं। ऐसे में भर्ती प्रक्रिया पर विवाद से बचने के लिए एचएसएससी ने पिछले साल 20 मार्च को एडवोकेट जनरल कार्यालय से राय मांगी। उनकी राय आने के बाद भर्ती को रद्द कर दिया गया। साल 2015 में ही विज्ञापित पीजीटी संस्कृत के 626 पदों की भर्ती को पहले ही रद्द किया जा चुका है। ये भर्ती भी नए सिरे से होगी।