अंडरपास के नीचे फंसी हरियाणा रोडवेज की बस और जाम में फंसे बाकी वाहन।
मनीमाजरा। सवा सात करोड़ रुपये की लागत से बना रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) में आए दिन कोई न कोई वाहन फंसा रहता है। कभी ट्रक तो कभी कोई बस, फिर भी लोग बड़े वाहन यहां से निकालने से नहीं हट रहे हैं।
हरियाणा रोडवेज की एक बस पहले फंसी थी। फिर भी वहां से हरियाणा रोडवेज की बसों को बिना रूट के निकाला जा रहा है और शनिवार को भी एक बस वहां फंस गई। इस कारण काफी देर तक यातायात बाधित रहा। हालांकि चालक ने टायरों की हवा निकालकर वहां से बस को किसी तरह से निकाला। इस सारे घटनाक्रम में उसने बस को काफी बार आगे-पीछे किया जिससे आरयूबी को भी नुकसान पहुंचा और अंदर से पानी का रिसाव होने लगा। यही नहीं चालक ने बस निकालने के चक्कर में सवारियों की जान भी जोखिम में डाल दी।
आरयूबी के नीचे से 3.20 मीटर (करीब साढ़े दस फुट) से नीचे के वाहन निकालने के निर्देश हैं। इस संबंधी वहां पर साइन बोर्ड भी लगा है पर बस और ट्रक चालक इन्हें ठेंगा दिखाते हुए वहां से वाहन निकाल रहे हैं। यही नहीं वे इसके लिए वहां लगे गार्डर को भी तोड़ रहे हैं।