रोज गार्डन के स्टॉप पर सवारी बनकर बैठे यूनियन के सदस्य
चंडीगढ़ में लोकल रूट पर हरियाणा की बस चलने की खबर फैलने के बाद सीटीयू यूनियन के कुछ सदस्य सेक्टर-16 के रोज गार्डन के बस स्टॉप सवारी बनकर बैठ गए और बस का इंतजार करने लगे। वो रविवार सुबह से लेकर शाम तक बैठे रहे।
शाम करीब 6:30 बजे यह बस नजर आई तो इसे रोज गार्डन के पास रोक लिया और एसटीए के मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर को जानकारी दी गई। मौके पर सीटीयू यूनियन के पदाधिकारी भी पहुंचे। चालक और परिचालक के पास गाड़ी से संबंधित कोई कागज नहीं था। वो एमवीआई को कहते रहे कि कागज दफ्तर में है। दोनों यूनिफॉर्म में भी नहीं थे, जिसके बाद एमवीआई रविंदर सिंह ने चालान काटा और बस को जब्त करके सेक्टर-17 स्थित पुलिस थाने के पास खड़ा कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मौके पर हरियाणा के एक अधिकारी भी पहुंचे, लेकिन तब तक कार्रवाई हो चुकी थी।
पहले भी दो बार लोकल रूट पर बस चलाने की हो चुकी है कोशिश
इससे पहले भी हरियाणा ने दो बार चंडीगढ़ में लोकल रूट पर बस चलाने की कोशिश की है। वर्ष 2019 और 2021 में भी ऐसी कोशिश हुई थी। चंडीगढ़ गवर्नमेंट ट्रांसपोर्ट वर्कर्स यूनियन के नेता सुरिंदर सिंह, गुरनाम सिंह और सतिंदर सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार धक्का कर रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन बसों को चंडीगढ़ में चलने नहीं दिया जाएगा। यूनियन इसका सख्त विरोध करेगी। हालांकि, अब देखना होगा कि जिस तरह से हरियाणा रोडवेज की बस को चंडीगढ़ में रोका गया है और जब्त किया गया है, इस पर हरियाणा का क्या रुख होता है।