फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस राज्य के ड्राइवर सीखेंगे अंग्रेजी, विदेशी भाषा

Wed, 03 Feb 2016 01:42 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा की खट्टर सरकार ने रोडवेज बसों के ड्राइवर्स को अंग्रेजी भाषा और कुछ विदेशी भाषाएं सीखाने के निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने प्रदेश के ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटरों में प्रशिक्षणार्थियों की भारी संख्या के मद्देनजर दिन और रात की दो शिफ्टों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


इससे ज्यादा से ज्यादा प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण तो दिया ही जा सकेगा। साथ ही उन्हें रात में वाहन चलाने की दक्षता भी हासिल होगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार और विभाग के आला अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

परिवहन मंत्री पंवार की ओर से प्रशिक्षण केंद्रों में ड्राइवरों को विदेशी भाषाएं सिखाने संबंधी दिए गए सुझाव पर सीएम खट्टर ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण केंद्रों में अंग्रेजी सहित अन्य विदेशी भाषाओं की जानकारी देने की दिशा में जरूरी कदम उठाए जाएं।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री की ओर से सभी जिलों में ड्राइवर ट्रेनिंग स्कूल खोले जाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी मांगे जाने पर परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एसएस ढिल्लों ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश के 18 जिलों में ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर हैं, जहां भारी वाहनों का प्रशिक्षण दिया जाता है।

निजी समूहों के साथ मिलकर चलाए जा रहे तीन अन्य ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर भी हैं, जहां पर सभी प्रकार के वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी तरह के दो नए ड्राइवर ट्रेनिंग सेंटर भी बहुत जल्द आरंभ कर दिए जाएंगे।

रोडवेज रूटों के बारे में मोबाइल ऐप
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव आरके खुल्लर ने रोडवेज बसों के आवागमन के समय और उनके रूट से संबंधित मोबाइल ऐप तैयार करने का सुझाव दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने विभाग के अधिकारियों को इस दिशा में जरूरी कदम उठाने को कहा। बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया गया कि रोडवेज बेडे़ में 600 नई बसें शामिल करने की प्रक्रिया भी आरंभ की गई है और बहुत जल्द 300 नई बसें परिवहन बेडे़ में शामिल कर ली जाएंगी। इन बसों को चलाने के लिए 725 ड्राइवरों की भर्ती आरंभ की गई थी, इसमें से सभी योग्यताएं पूरी करने वाले 413 ड्राइवरों को नियुक्ति पत्र भेज दिए गए हैं। बैठक में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता भी मौजूद थे।

विशेष बसों में महिला सुरक्षाकर्मी तैनात
चंडीगढ़। हरियाणा के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए हरियाणा रोडवेज द्वारा अभी तक 44 रूटों पर विशेष बसें आरंभ कर दी गई हैं। इन बसों में महिला सुरक्षाकर्मी भी तैनात की जा रही हैं। शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए विशेष बसें चलाए जाने का वादा भाजपा के घोषणा पत्र में भी था। यह जानकारी परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने परिवहन विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दी, जिसकी अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल कर रहे थे।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें