हरियाणा में सियासी महासमर के बीच छिड़े खापों के राजनीतिकरण के मामले में कुछ खाप आमने-सामने आ गई हैं। जींद में कंडेला खाप ने जहां खापों के राजनीतिकरण का विरोध किया है वहीं सोनीपत में 360 खत्री खाप के प्रधान ने सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का समर्थन करने की घोषणा कर दी है।
विज्ञापन
जींद में कंडेला खाप के प्रवक्ता ने कंडेला खाप के प्रधान पर एक राजनीतिक दल से टिकट मांगने का आरोप लगाते हुए उनसे खाप के प्रधान पद से इस्तीफा देने की मांग की है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए खाप प्रतिनिधियों की ओर से टिकटों की मांग करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। सोमवार को खाप के अन्य प्रतिनिधियों ने ने साफ शब्दों में कहा कि यह सामाजिक संगठन हैं और इनका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए।
विज्ञापन
राजनीति के लिए खाप के नाम का प्रयोग
जाट धर्मशाला में आयोजित पत्रकारवार्ता में कंडेला खाप के प्रवक्ता जगत सिंह रेढू, बराह खाप के प्रधान कुलदीप ढांडा, इंद्र सिंह ढुल, दलीप सिंह चहल, राजेंद्र चहल, सुरेश कोथ व किनाना तपा के प्रधान हरियाव सिंह सैनी ने कहा कि कुछ लोग राजनीति करने के लिए खाप के नाम का प्रयोग कर रहे हैं। यह सरासर गलत है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को राजनीतिक दलों से टिकट मांगनी हैं, वे खाप के नाम का प्रयोग न करें। गौरतलब है कि तीन दिन पहले नरवाना में कुछ खाप प्रतिनिधियों ने उसी राजनीतिक दल का समर्थन करने का ऐलान किया था, जो खापों को अधिक से अधिक टिकट देगा।
इसका विरोध करते हुए सोमवार को खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि जो लोग खाप के पदाधिकारी हैं, उन्हें चुनाव के दौरान अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। जगत सिंह रेढू ने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर वे उन लोगों का स्वागत करते हैं, जो चुनाव लड़ रहे हैं वे उनके साथ हैं, लेकिन खाप के नाम पर ऐसा नहीं किया जा सकता।
खापों ने की सीएम के समर्थन की घोषणा
विभिन्न खापों के प्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में सोमवार को आयोजित बैठक के दौरान सर्वसम्मति से फैसला लिया कि खाप हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का समर्थन करेंगी।
वहीं बैठक में अशोक खत्री के उस बयान की निंदा भी की गई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि खाप स्वतंत्र हैं और वे किसी भी प्रत्याशी और दल को वोट दे सकती हैं। मीडिया से बात करते हुए 360 खत्री खाप के प्रधान राजेंद्र सिंह खत्री ने अशोक खत्री पर आरोप लगाया कि वह खाप द्वारा घोषित प्रधान नहीं हैं तथा खाप के लोग उसे मंजूर नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें जुलाई 2010 में गांव और खाप ने प्रधान चुना था जिसकी मान्यता खाप के सभी तपों ने दी है। सरोहा खाप के प्रधान रणधीर सिंह सरोहा, बड़वासनी बारहा के प्रधान प्रीतम सिंह, दहिया खाप के प्रधान सुरेंद्र सिंह बाणियां ने भी अशोक खत्री की निंदा करते हुए कहा कि उन्हें खाप की तरफ से किसी भी प्रकार का बयान देने का अधिकार नहीं है क्योंकि वह 360 खत्री खाप के प्रधान नहीं हैं।
हरियाणा खाप प्रेस प्रवक्ता ओमप्रकाश मान ने कहा कि खापों का राजनीतिकरण नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खापें सामाजिक कार्यों को करती रहेंगी तथा सामाजिक बुराइयों को मिटाते हुए समाज हित में अपनी लड़ाई लड़ती रहेंगी। जो व्यक्ति खापों को किसी पार्टी विशेष से जोड़ना चाहते हैं, उनकी मंशा को पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खापों में सम्मिलित लोग विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े हुए हैं तथा यह उनका व्यक्तिगत जुड़ाव है, इससे खापों का कोई भी लेना-देना नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्वयंभू खाप नेता, खाप पंचायतों को पार्टी विशेष से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जिसकी वे निंदा करते हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों नरवाना में हुई पंचायत में खाप के राजनीतिकरण का प्रयास किया गया था, इससे खाप का कोई प्रत्यक्ष लेना-देना नहीं है। खाप से जुड़ा कोई भी व्यक्ति अपनी व्यक्तिगत राजनीतिक इच्छा से जुड़कर काम कर सकता है, परंतु वह खाप के नाम पर अपनी राजनीति करता है, तो वे उसका विरोध करेंगे।